ऊना, संवाद सहयोगी। Himachal Pradesh News, अगर कहीं आप गाड़ी लेकर जा रहे हैं और रास्ते में कहीं रेड लाइट या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में कुछ देर के लिए रुकना पड़े। एकाएक कोई बच्चा आकर आपकी फास्ट टैग स्टीकर लगे गाड़ी के आगे के शीशे को साफ करने लगे तो सतर्क हो जाएं। इन दिनों एक नए स्कैम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में गाडिय़ों के शीशे साफ करने वाला एक बच्चा हाथ में महंगी घड़ी पहनकर आता है और फास्ट टैग लगी गाड़ी के शीशे को साफ करने लगता है और इसी दौरान फास्ट टैग स्कैन कर लेता है।
अब आप यह समझ रहे होंगे कि इससे क्या हुआ, तो जरा जान लें। दरअसल गरीब बच्चा गाड़ी के शीशे को साफ करते हुए अपनी घड़ी के स्कैनर से आपके फास्ट टैग अकाउंट में जमा राशि को निकाल लेता है। इस घटना का शिकार हुए गाड़ी चालक दो युवा वीडियो में पूरी घटना के बारे में बतातेे हैं जबकि अन्य लोगों को भी सतर्क रहने का आह्वान कर रहे हैं।
हालांकि गाड़ी चालक युवाओं ने उस बच्चे को पकडऩे की काफी कोशिश की, लेकिन बच्चा कहीं दूर भाग गया। अब यह वीडियो कहां का है कुछ पता नहीं, लेकिन यह वीडियो हम सभी को सतर्क रहने का संदेश दे रहा है। विशेष रूप से गाड़ी चालकों को इस संबंध में सचेत रहना चाहिए। एएसपी जिला ऊना प्रवीन कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस ऐसे मामलों को लेकर सतर्क है। वाहन चालक भी ध्यान दें और सचेत रहकर ऐसे लोगों की सूचना पुलिस को दें।


a