Mandi Pathankot NH: घटासनी के पास एनएच का 100 मीटर हिस्सा धंसा, बंद हो सकती है आवाजाही
Mandi Pathankot NH मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग का घटासनी के पास 100 मीटर हिस्सा धंस रहा है। यहां पड़ी दरार लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अगर तेज वर्षा हुई या बड़े वाहनों का दबाव रहा तो यह हिस्सा कभी भी गिर सकता है।
मंडी, जागरण संवाददाता। Mandi Pathankot NH, मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग का घटासनी के पास 100 मीटर हिस्सा धंस रहा है। यहां पड़ी दरार लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अगर तेज वर्षा हुई या बड़े वाहनों का दबाव रहा तो यह हिस्सा कभी भी गिर सकता है। इसकी चपेट में साथ लगते घर भी आ सकते हैं। एनएच पर स्थित घटासनी नामक स्थान से एक किलोमीटर नीचे जोगेंद्रनगर की ओर इस स्थान पर पहले गड्ढे पड़े, लेकिन नेशनल हाईवे आथोरिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यह हुआ कि यहां पहली हल्की दरार आई जो लगातर होती रही वर्षा बढ़ गई। अब यह जगह खिसकने लगी है। हालांकि वाहनों का आवागमन तो जारी है।
सेना की आवाजाही भी हो सकती है प्रभावित
अगर वर्षा होती है तो यह हिस्सा कभी भी गिर सकता है। ऐसे में सेना की दृष्टि से महत्वूर्ण इस मार्ग पर आवाजाही बंद हो सकती है। हालांकि एनएचएआइ के अधिकारियों की मानें तो इस जगह को उखाड़कर ही सही किया जा सकता है। यह काम कब किया जाना है, इस बारे में कोई स्थिति स्पष्ट नहीं है। जहां पर दरार पड़ी है, वहां मिट्टी का ढेर लगाया गया है। सड़क के बीच में पत्थर रख दिए हैं ताकि वाहन इस ओर से न जा सकें।
अधिकारी बोले, उखाड़कर ही होगी ठीक
वहीं एनएचएआइ के साइट इंजीनियर साहिल जोशी ने बताया कि धंसने वाली जगह की जांच की गई है। इस स्थान को उखाड़कर ही ठीक किया जाएगा। जल्द ही इस कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।