महिला ने गांव के व्यक्ति पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, मारपीट कर कपड़े भी फाड़े
Himachal Pradesh Crime Newsसरकाघाट की बलद्वाड़ा तहसील की महिला ने गांव के एक व्यक्ति पर मजदूर लगाकर उसके खेत से पेड़ काटने का प्रयास करने व विरोध जताने पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकाघाट, संवाद सहयोगी। Himachal Pradesh Crime News, सरकाघाट की बलद्वाड़ा तहसील की महिला ने गांव के एक व्यक्ति पर मजदूर लगाकर उसके खेत से पेड़ काटने का प्रयास करने व विरोध जताने पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। गांव धतोली की सुनीता देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनीता का आरोप है कि शुक्रवार को उसी के गांव के रणजीत सिंह ने कश्मीरी मजदूर लगाकर उनकी मलकीयत जमीन से पेड़ कटवाने की कोशिश की। जब उसने रोकने का प्रयास किया तो आरोपित रणजीत सिंह ने उसके साथ मारपीट व छेड़छाड़ की। उसके कपड़े फाड़ दिए। डीएसपी सरकाघाट तिलकराज शांडिल्य ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।
भानजे पर लगाया बैंक खाते से पैसे निकालने का आरोप
सरकाघाट। पौंटा पंचायत के जरल गांव निवासी नीरज कुमार ने पुलिस में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि जमा एक में पढऩे वाले उसके भानजे ने उसके बैंक खाते से करीब 56 हजार रुपये निकाल दिए हैं। पुलिस में दी शिकायत में नीरज कुमार ने बताया कि उसका भानजा दो वर्ष से उसके पास ही रहता है। 19 मई को जब उसने अपना बैंक खाते को चेक किया तो उसके खाते से 56 हजार रुपये निकल चुके थे। उसे शक हुआ कि भानजे ने ही उसके पैसे गूगल पे के माध्यम से निकाले हैं। बैंक शाखा से इसकी पुष्टि भी हो गई है। कुछ समय पहले भी उसने घर में भी इसी तरह की हरकत की थी। 19 मई को उनका भानजा स्कूल गया था, लेकिन अब तक नहीं लौटा है। नीरज कुमार ने पुलिस से अपने भानजे की तलाश करने की गुहार लगाई है। डीएसपी तिलकराज शांडिल्य ने बताया कि नीरज के भानजे की तलाश के लिए पुलिस बल रवाना कर दिया गया है।