हिमाचल पुलिस पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर युवा कांग्रेस ने शुरू की भूख हड़ताल, यह मांग उठाई
Himachal Pradesh Congress हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक मामला तूल पकड़ गया है। पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच करवाने को लेकर युवा कांग्रेस कार्यककर्ताओं ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। एसपी कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठ गए।
शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Congress, हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक मामला तूल पकड़ गया है। पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच करवाने को लेकर युवा कांग्रेस कार्यककर्ताओं ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। एसपी कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठ गए। युवा कांग्रेस की यह अनिश्चितकालीन हड़ताल है। हर जिला मुख्यालय में कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। युवा कांग्रेस ने डीजीपी को जांच पूरी होने तक पद से हटाने की मांग की है।
युवा कांग्रेस पेपर लीक मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच करवाने की मांग कर रही है। युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने बताया जिन पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत से पेपर लीक हुआ है, उन अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
उन्होंने बताया जब तक सरकार पेपर लीक मामले की जांच सिटिंग जज को नहीं दे देती है, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया जयराम सरकार ने पुलिस कांस्टेबल परीक्षा देने वाले 75 हजार से अधिक परिवारों के साथ खिलवाड़ किया है। खासकर उन बेरोजगारों की उम्मीदों पर पानी फिरा है, जिन्होंने दिन रात मेहनत करके परीक्षा पास कर ली थी।
निगम भंडारी ने कहा पुलिस की परीक्षा का पर्चा ही जब लीक हो रहा है। ऐसे में दूसरे विभागों की परीक्षा में पारदर्शिता की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा इससे पहले जेओए आइटी का पेपर भी लीक हुआ है। उन्होंने कहा हजारों छात्रों से बात हुई है। युवाओं ने कहा सीबीआइ पर विश्वास नहीं रहा। इसलिए अब न्यायिक जांच की मांग कर रही हैं।