हिमाचल: विधानसभा चुनाव से पहले नाराज नेताओं की सुध लेगी कांग्रेस, जन जागरण अभियान होगा शुरू
Himachal Pradesh Congress विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे कांग्रेस हाईकमान ने नाराज नेताओं को एकता का पाठ पढ़ाने का जिम्मा प्रदेश के शीर्ष नेताओं को सौंपा है। वरिष्ठ पदाधिकारियों की नाराजगी का कारण जाना जाएगा। क्या वे संगठन में पद न मिलने से नाराज हैं
शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Congress, विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे कांग्रेस हाईकमान ने नाराज नेताओं को एकता का पाठ पढ़ाने का जिम्मा प्रदेश के शीर्ष नेताओं को सौंपा है। वरिष्ठ पदाधिकारियों की नाराजगी का कारण जाना जाएगा। क्या वे संगठन में पद न मिलने से नाराज हैं या पार्टी ने उन्हें संगठन के कार्यक्रमों में नहीं बुलाया, इसलिए वे नाराज हैं, या संगठन में उनकी बात नहीं सुनी जा रही है, इसका पूरा फीडबैक लेना होगा। इनकी नाराजगी दूर कर उन्हें दोबारा संगठन में शामिल किया जाएगा, ताकि संगठन मजबूत और एकजुट हो सके।
दो लोकसभा चुनाव सहित विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़ी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का शीर्ष नेतृत्व धड़ों में बंटा है। पार्टी हाईकमान ने सभी पदाधिकारियों को एकता की घुट्टी पिलाई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उदयपुर में हुए नव संकल्प चिंतन शिविर में संगठन को चुस्त दुरुस्त करने के लिए रणनीति बनाई है।
पार्टी हाईकमान से मिले निर्देश के बाद प्रदेश कांग्रेस हिमाचल में जन जागरण अभियान शुरू करने जा रही है। पहली व दो जून को राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन होगा, जिसमें पार्टी हाईकमान की तरफ से मिले निर्देशों को हर कार्यकर्ता तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद जिलास्तर पर 11 जून को चिंतन शिविर लगेंगे।
उदयपुर शिविर में कांग्रेस ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर जिलास्तर पर नौ अगस्त से 75 किलोमीटर लंबी पदयात्रा करने का निर्णय लिया है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जनता के बीच पार्टी जाएगी। संगठन को प्रभावी बनाने के लिए ब्लाक कांग्रेस के साथ मंडल कमेटियों का भी गठन किया जाएगा। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कांग्रेस एकजुट है। ब्लाक और जिलास्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।