Move to Jagran APP

हिमाचल भाजपा अध्‍यक्ष चुनाव: दिल्‍ली की टीम लेगी टोह, प्रदेश के इन वरिष्‍ठ नेताओं से करेगी चर्चा

प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के लिए टोह लेने और संभावित नामों पर चर्चा को भाजपा की टीम दिल्ली से शिमला आ रही है।

By Rajesh SharmaEdited By: Published: Mon, 16 Dec 2019 09:58 AM (IST)Updated: Mon, 16 Dec 2019 04:38 PM (IST)
हिमाचल भाजपा अध्‍यक्ष चुनाव: दिल्‍ली की टीम लेगी टोह, प्रदेश के इन वरिष्‍ठ नेताओं से करेगी चर्चा
हिमाचल भाजपा अध्‍यक्ष चुनाव: दिल्‍ली की टीम लेगी टोह, प्रदेश के इन वरिष्‍ठ नेताओं से करेगी चर्चा

शिमला, जेएनएन। प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के लिए टोह लेने और संभावित नामों पर चर्चा को भाजपा की टीम दिल्ली से शिमला आ रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव और राष्ट्रीय सचिव सुनील धर राव पीटरहॉफ में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार और मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, संगठन महामंत्री पवन राणा सहित कोर ग्रुप से चर्चा करेंगे। 18 दिसंबर को आने वाली टीम अपने स्तर पर नेताओं व कार्यकर्ताओं से भी मंत्रणा कर सकती है। प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद सुझाए जाने वाले नाम आलाकमान को भेजे जाएंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हिमाचल के प्रदेशाध्यक्ष का नाम घोषित करेंगे।

loksabha election banner

प्रदेश में अब भाजपा अध्यक्ष व कार्यकारिणी का चुनाव होना शेष रह गया है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए राम सिंह, त्रिलोक जम्वाल व रणधीर शर्मा का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री विपिन परमार व बिक्रम ठाकुर का नाम भी चर्चा में रहा। रविवार को पार्टी मुख्यालय दीपकमल में बैठक हुई, जिसमें नागरिकता संशोधन विधेयक के अलावा नए अध्यक्ष का चुनाव और सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर संगठन की तैयारियों पर मंत्रणा हुई।

नागरिकता संशोधन विधेयक पर बुद्धिजीवी सम्मेलन होंगे : सत्ती

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि भारी बहुमत से पास नागरिकता संशोधन बिल-2019 की वास्तविक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी जिलों में 31 दिसंबर से पहले बुद्धिजीवी सम्मेलन होंगे। इसी कड़ी में शिमला के गेयटी थियेटर में 18 दिसंबर को सायं तीन बजे बुद्धिजीवी सम्मेलन होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव व राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर मुख्य वक्ता रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस केवल विरोध करने के लिए इस बिल का विरोध कर रही है। कांग्रेस तुष्टीकरण की नीति पर चलती है। उनके वरिष्ठ नेता कभी वीर सावरकर तो कभी आरएसएस पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। यही कारण है कि आज कोई भी व्यक्ति कांग्रेस से नहीं जुडऩा चाहता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.