Kangana Ranaut Security: मनाली में कंगना की सुरक्षा के लिए हिमाचल पुलिस के जवान तैनात
Kangana Ranaut Security हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मनाली में कंगना रणौत के घर के आसपास चौकसी बढ़ा दी है। सुबह से पुलिस लगातार पैट्रोलिंग कर रही है।
मनाली, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मनाली में कंगना रणौत के घर के आसपास चौकसी बढ़ा दी है। सुबह से पुलिस लगातार पैट्रोलिंग कर रही है। बीते दिनों सुशांत राजपूत मामले में की गई बेबाक टिप्पणी के बाद कंगना हाल ही में मुंबई को लेकर दिए बयान पर विवाद में घिर गई थीं। इसके बाद शिव सेना नेताओं ने उन्हें अपने निशाने पर ले लिया। इसके बाद लगातार दोनों ओर से बयानबाजी हाे रही थी। इस बीच कंगना व उनके परिवार ने सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार शाम को सुरक्षा देने का ऐलान किया था।
दोपहर बाद हिमाचल पुलिस के जवान कंगना के घर के अंदर तैनात हो गए हैं। इसके बाद सोमवार सुबह से मनाली में कंगना की सुरक्षा में हिमाचल पुलिस सतर्क हो गई है। हालांकि, अब केंद्र सरकार ने भी कंगना को वाई श्रेणी की सुरक्षा देने का ऐलान किया है। लेकिन केंद्र की सुरक्षा न मिलने तक हिमाचल पुलिस कंगना की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गई है। कंगना ने सुरक्षा देने के लिए सरकार का आभार जताया है। वहीं, विरोधियों पर निशाना भी साधा है।