150 करोड़ रुपये की योजनाओं से बदलेगी हिमाचल के नगरोटा बगवां की तस्वीर, डिप्टी सीएम ने 10 ई-बसों को दिखाई हरी झंडी
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल के नगरोटा बगवां में 150 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया, जिनमें पेयजल, सिंचाई और मल निकासी योजनाएं शामिल हैं।
-1789794854438_m.webp)
HighLights
उपमुख्यमंत्री ने 150 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया
पेयजल, सिंचाई और मल निकासी योजनाओं से हजारों लोग लाभान्वित होंगे
नगरोटा बगवां से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
संवाद सहयोगी, नगरोटा बगवां। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और मल निकासी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को करीब 150 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को सिंचाई सुविधा, हजारों लोगों को बेहतर पेयजल आपूर्ति और पांच पंचायतों को सीवरेज सुविधा उपलब्ध होगी। बलधर और सिंहुंड में 6.35 करोड़ रुपये की लागत की बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक तथा सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं से 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने पठियार में 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मस्सल पेयजल योजना का लोकार्पण किया। एनडीबी के तहत बनी इस योजना से अंबाड़ी, चाड़ी, लाखामंडल, मंजीती उपरली, मलां, मस्सल, मुहालखड़ और पठियार की आठ पंचायतों के 40 गांवों की 20 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी।
76 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना का शिलान्यास किया गया
कीरचंबा में ग्राम पंचायत ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ के लिए 76 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना का शिलान्यास किया गया। योजना के पूरा होने से इन पंचायतों में मल निकासी की सुविधा बेहतर होगी और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई
बड़ोह में एडीबी के तहत पुरानी पेयजल योजनाओं मालनू, नेरा ठम्बा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने स्वयं बस में नगरोटा बगवां से बड़ोह तक यात्रा भी की। बलधर, सिंहुंड, पठियार, कीरचंबा, नगरोटा बगवां और बड़ोह में आयोजित जनसभाओं में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता पर कार्य कर रही है।
नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास का श्रेय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को दिया।
