Himachal Nagar Nigam Election: आज शाम थम जाएगा नगर निगम चुनाव का शोर, अंतिम दिन ये नेता भी झोंकेंगे ताकत
Himachal Nagar Nigam Election 2021 हिमाचल प्रदेश में सोमवार शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। आज अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी नगर निगम चुनाव प्रचार में कूदेंगे। भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई थी।
शिमला, राज्य ब्यूरो। Himachal Nagar Nigam Election 2021, हिमाचल प्रदेश में सोमवार शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। आज अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी नगर निगम चुनाव प्रचार में कूदेंगे। भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित उनके मंत्रियों भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप व विधायकों ने भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई थी। कांग्रेस से विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व कांग्रेस के अन्य नेताओं ने पूरा जोर लगाया हुआ था।
चार नगर निगम सहित छह नगर पंचायत व 131 पंचायतों में भी चुनाव
प्रदेश में चार नगर निगमों, छह नगर पंचायतों व 131 पंचायत प्रधान व उपप्रधान का चुनाव होना है। चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी व सोलन, छह नगर पंचायतों शिमला जिला की चिडग़ांव, नेरवा, कुल्लू जिला की आनी व निरमंड, सोलन की कंडाघाट के अलावा शिमला जिला के चौपाल की 48 पंचायतों, टुटू ब्लॉक की 24 पंचायतों और मंडी के धर्मपुर ब्लॉक की 49 पंचायतों के प्रधान व रिक्त पड़े वार्ड सदस्य के लिए मतदान सात अप्रैल को सुबह आठ बजे से चार बजे तक होगा।
मतदान के दिन ही परिणाम
मतदान के तुरंत बाद मतों की गणना और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। नगर निगम के चुनाव पार्टी चिह्न पर हो रहे हैं। चारों नगर निगमों के 64 पार्षदों के लिए 279 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। पहली बार पार्टी चिह्न पर हो रहे इन चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने सभी वार्ड से प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। माकपा ने केवल मंडी में अपने दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने 64 वार्ड में से 43 पर प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। नगर निगम चुनाव के लिए 106 निर्दलीय मैदान में हैं, जिन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के लिए समीकरण को खराब किया हुआ है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
कोरोना पॉजिटिव चार बजे के बाद कर सकेंगे मतदान
इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन से हो रही मतदान की प्रक्रिया में कोरोना पॉजिटिव भी चार बजे के बाद मतदान कर सकेंगे। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से जानकारी देने के लिए निर्देश दिए गए हैं जिससे मतदान करवाया जा सके।
निगम चुनाव की स्थित
- नगर निगम,वार्ड,भाजपा,कांग्रेस,आप,अन्य,कुल
- धर्मशाला,17,17,17,09,37,80
- पालमपुर,15,15,15,07,27,64
- सोलन,17,17,17,14,12,60
- मंडी,15,15,15,13,32,75