Himachal Coronavirus Update: कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामले छह सौ के पार, कांगड़ा में सबसे अधिक केस
Himachal Coronavirus Update हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा छह सौ के पार हो गया है। रविवार को कोरोना से एक व्यक्ति मौत हो गई जबकि 59 नए पॉजिटिव केस आए। साथ ही 34 संक्रमित स्वस्थ हुए।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Coronavirus Update, हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा छह सौ के पार हो गया है। रविवार को कोरोना से एक व्यक्ति मौत हो गई, जबकि 59 नए पॉजिटिव केस आए। साथ ही 34 संक्रमित स्वस्थ हुए। सबसे अधिक 22 केस सिरमौर जिला में आए। प्रदेश में एक्टिव केस अब 614 हो गए हैं। प्रदेश में सबसे अधिक एक्टिव केस कांगड़ा में 246 हैं। बिलासपुर जिले के बरिमन निवासी 77 वर्षीय महिला की रविवार सुबह इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आइजीएमसी) में मौत हो गई। महिला निमोनिया से भी पीडि़त थी। महिला को मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज से छह मार्च को रेफर किया गया था। उसे सांस लेने में परेशानी थी।
उधर, तीसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु के 1790 वरिष्ठ नागरिकों को वैक्सीन दी गई। अभी तक कुल 15068 वरिष्ठ नागरिकों को वैक्सीन दी गई। रविवार को ही 60 अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं को वैक्सीन दी गई। प्रदेश के 39498 अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। जबकि 177 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई।