यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Coronavirus Curfew Guidelines: हिमाचल में आज से कड़ी बंदिशें, हर जिले में सड़कों पर पुलिस का पहरा
Himachal Coronavirus Curfew Guidelines प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे के लिए सरकार की ओर से सात मई से ...और पढ़ें

शिमला, राज्य ब्यूरो। Himachal Corona Curfew Guidelines: प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे के लिए सरकार की ओर से सात मई से लागू कोरोना कफ्र्यू के तहत कुछ सख्त पाबंदियां सोमवार सुबह छह बजे से लागू हो गईं। अब हर जिले में दैनिक जरूरत की दुकानें दिन में तीन घंटे तक ही खुली रहेंगी। दुकानें खोलने का समय जिलों के उपायुक्तों ने निर्धारित कर दिया है। लोगों को उसी समय घर से बाहर निकलने की अनुमति होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम के साथ निजी बस सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। टैक्सी समेत निजी वाहन चलाने पर भी पाबंदी रहेगी।
सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को और सख्त करते हुए दैनिक जरूरत की वस्तुओं की दुकानें खोलने का समय घटाकर तीन घंटे कर दिया है। सार्वजनिक परिवहन पर पाबंदी रहेगी। ऐसे में न तो टैक्सी सेवा उपलब्ध रहेगी और न ही लोग निजी वाहन सड़क पर दौड़ा सकेंगे। विशेष परिस्थितियों में ही लोग वाहन का उपयोग कर सकेंगे। इस दौरान सभी जिला मुख्यालयों सहित अन्य शहरों की सड़क पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। नेशनल हाईवे किनारे स्थित ढाबे और रेस्तरां खुले रहेंगे, लेकिन वहां बैठकर खाना खाने पर प्रतिबंध रहेगा।
मुख्य सचिव अनिल खाची का कहना है कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने हर जिला उपायुक्त को शक्तियां प्रदान की हैं। सरकार का मकसद है कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जाए, ताकि राज्य में बढऩे संक्रमण से लोगों का जीवन बचाया जा सके।
कोरोना जांच व टीकाकरण पर रोक नहीं
कोरोना कर्फ्यू के बीच प्रदेश में कोरोना जांच के साथ टीकाकरण अभियान जारी रहेगा। सरकार ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों की जांच प्रक्रिया जारी रहेगी। साथ ही जिन लोगों ने टीकाकरण करवाना होगा वे निजी वाहनों का प्रयोग कर सकते हैं।
जारी रहेंगें निर्माण कार्य
प्रदेश में नई बंदिशों के बीच सरकारी व निजी निर्माण कार्य जारी रहेंगे। इस दौरान हार्डवेयर की दुकानें बंद रहेंगी। निर्माण कार्य के लिए यदि किसी को सीमेंट या सरिये की जरूरत होगी तो वह उसे उपलब्ध नहीं हो पाएगा।
कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए बढ़ाई बंदिशें : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कुछ बंदिशें लगाई हैं। इस दौरान निर्माण कार्य होते रहेंगे व लोग आवश्यक वस्तुओं की समयसीमा के भीतर खरीदारी कर सकेंगे।
जिलों में दुकानें खुलने का समय
- कांगड़ा आठ से 11 बजे
- हमीरपुर आठ से 11 बजे
- सोलन आठ से 11 बजे
- ऊना आठ से 11 बजे
- बिलासपुर आठ से 11 बजे
- सिरमौर आठ से 11 बजे
- किन्नौर नौ से 12 बजे
- मंडी 10 से एक बजे
- कुल्लू 10 से एक बजे
- चंबा 10 से एक बजे
- शिमला 10 से एक बजे
- लाहुल स्पीति 11 से दो बजे
