धर्मशाला उपचुनाव: प्रदेश कांग्रेस ने सुधीर शर्मा के नाम पर भरी हामी Kangra News
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के नाम पर हामी भर दी है और अब हाइकमान की मुहर का इंतजार है।
धर्मशाला, जेएनएन। प्रदेश में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के नाम पर हामी भर दी है और अब हाइकमान की मुहर का इंतजार है। यह बात कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रविवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं।
बकौल राठौर, पार्टी की ब्लॉक, जिला और प्रदेश कार्यकारिणी में बदलाव के लिए प्रक्रिया 30 जुलाई से शुरू होगी। शिमला में पार्टी के पर्यवेक्षकों के साथ 30 जुलाई को बैठक होगी और इसके बाद ही पर्यवेक्षक फील्ड में उतारे जाएंगे। लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद संगठनात्मक मजबूती के लिए पार्टी कार्य कर रही है। इसके लिए पार्टी के पूर्व नेताओं पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी व राजीव गांधी सहित अन्य की जयंती पर राज्य और जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस परमार की जयंती पर चार अगस्त को पार्टी का राज्यस्तरीय समारोह सिरमौर में और राजीव गांधी जयंती पर धर्मशाला में 20 अगस्त को समारोह होगा। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार धारा 118 के सरलीकरण के नाम पर भूमाफिया को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश का औद्योगिक पैकेज बहाल करे ताकि उद्योगों का पलायन रोका जा सके। प्रशासनिक ट्रिब्यूनल बंद करने के फैसले पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, पूर्व विधायक याद¨वदर गोमा व केवल सिंह पठानिया समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप