हिमाचल कांग्रेस में जिला व राज्य कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू, सुक्खू व कौल ने डाला दिल्ली में डेरा
Himachal Congress हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में जिला व राज्य कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में जिला व राज्य कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी हाईकमान 20 फरवरी तक जिला व प्रदेश कांग्रेस कमेटी का ऐलान कर सकता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल के साथ मुलाकात की। मंगलवार शाम को राठौर ने आनंद शर्मा के साथ बैठक की थी।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रदेश व जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रस्तावित नामों पर चर्चा भी की। प्रदेश व जिला कमेटी की घोषणा के बाद बाकी बचे 25 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। ब्लॉक अध्यक्षों की सूची लगभग फाइनल हो चुकी है। रजनी पाटिल ने कुलदीप राठौर से अभी तक जिन 47 ब्लॉकों में अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं, वहां पर पार्टी पदाधिकारियों की ओर से क्या प्रतिक्रिया आ रही है, ब्लॉक अध्यक्ष किस तरह से काम कर रहे हैं इसकी फीडबैक ली।
पिछले सप्ताह नाहन में हुई कांग्रेस की रैली की रिपोर्ट भी हाईकमान के समक्ष रखी गई। कांग्रेस अध्यक्ष ने पहली सूची में 36 ब्लॉक अध्यक्षों को नियुक्ति दी थी जबकि दूसरी सूची में 11 ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए हैं। प्रदेश में 72 ब्लॉक हैं। अभी 25 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां की जानी प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर भी चर्चा हुई है। इसमें बताया गया कि जिला व प्रदेश कमेटी के गठन में जितनी देरी होगी, उसका असर पार्टी के कार्यक्रमों पर पड़ेगा। पार्टी बड़े कार्यक्रम आयोजित नहीं कर पा रही है।
सुक्खू, कौल सिंह भी पहुंचे दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू और कौल सिंह ठाकुर भी दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं ने दिल्ली में आनंद शर्मा, केसी वेणुगोपाल और रजनी पाटिल से मुलाकात की। पार्टी हाईकमान ने दोनों नेताओं से पार्टी की गतिविधियों से लेकर प्रदेश व जिला कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर चर्चा की। रामलाल ठाकुर ने दिल्ली में पार्टी महासचिव व कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य बीके प्रसाद के साथ मुलाकात की। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के कारण हिमाचल के विधायक और पूर्व विधायकों ने इन दिनों दिल्ली में डेरा डाला हुआ है। वे रजनी पाटिल और केसी वेणुगोपाल से अलग-अलग मुलाकात कर रहे हैं।