हिमाचल के चरस तस्करों का जयपुर-मुंबई कनेक्शन, सप्लायर भी दबोचा; कुरियर से की जा रही थी सप्लाई
Charas Mafia हिमाचल के चरस तस्करों का जयपुर-मुंबई कनेक्शन निकला है। हमीरपुर के दो तस्करों को हाल ही में राजस्थान में पश्चिम जयपुर के हरमाड़ा पुलिस थाने में गिरफ्तार किया गया।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल के चरस तस्करों का जयपुर-मुंबई कनेक्शन निकला है। हमीरपुर के दो तस्करों को हाल ही में राजस्थान में पश्चिम जयपुर के हरमाड़ा पुलिस थाने में गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है नशे की सप्लाई के लिए कुरियर का सहारा लिया जाता था। इस केस की जांच राज्य के क्राइम इन्वेस्टीगेशन डिपार्टमेंट (सीआइडी) के माध्यम से आगे बढ़ी। अब चरस का सप्लायर कुल्लू के कसौल से गिरफ्तार किया गया है। उसे सीआइडी ने राजस्थान पुलिस के हवाले किया है। वह गोवा में एक होटल में कार्य कर चुका है। आरोप है कि अमर सिंह नाम का यह आरोपित पर्यटन सीजन में मादक द्रव्य पदार्थों का अवैध करोबार करता था। प्रदेश पुलिस की उत्तर भारत के राज्यों के साथ बेहतर तालमेल से वह पकड़ा गया। इसके साथ ही पुलिस, सीआइडी ने नशा माफिया के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
कार में ले गए थे चरस
हमीरपुर निवासी आरोपित विशाल कुमार और वीरेंद्र पाल ने कसौल के सप्लायर से एक किलो 145 ग्राम चरस खरीदी। सीआइडी सूत्रों के अनुसार यह सौदा मात्र तीस हजार में हुआ। चंद पैसों की खातिर दोनों ने इसे कार में सीट के नीचे छिपाया और जयपुर चले गए। वहां तक कहीं पर भी वे नहीं पकड़े गए। हालांकि कई राज्यों के नाके पार किए। जयपुर पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली तो चरस बरामद की गई। इस संबंध में इस महीने पांच जुलाई को केस दर्ज किया। इसके बाद जिन दो लोगों को इसकी सप्लाई की गई। उन्हें भी पकड़ लिया लिया है। ये मुंबई के हैं। इसी बीच हिमाचल की सीआइडी को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी सूचना प्राप्त हुई।
कड़ी जोडऩे का प्रयास
सीआइडी के आला अधिकारियों ने इस बारे में राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा। इसके आधार पर एसआइटी गठित की गई। सप्लायर की तलाश की। इसमें मादक द्रव्य नियंत्रक इकाई के अधिकारियों ने खासा दिमाग खपाया। अमर सिंह नामक व्यक्ति का पता लगा तो उसकी कॉल डिटेल रिपोर्ट मालूम की। लोकेशन तलाशी। तलाशी से पता चला कि यह कसौल, मणीकर्ण के होटले में काम करता था। इससे राजस्थान पुलिस को सूचित किया। जयपुर पुलिस और स्टेट सीआइडी ने मिलकर आरोपित सप्लायर को दबोच लिया। पूछताछ के बाद इसे राजस्थान पुलिस के हवाले किया गया।
तीनों कडि़यों को पकड़ा गया
दो राज्यों की पुलिस और सीआइडी के संयुक्त प्रयासों से चरस केस के सप्लायर, कुरियर और खरीदार तीनों कडिय़ों को पकड़ा गया। आरोपित अमर सिंह को जयपुर पुलिस के हवाले किया गया है। दो आरोपित वीरेंद्र पाल और विशाल कुमार भी हिमाचल के हैं। प्रदेश पुलिस नशा मुक्त हिमाचल बनाने की दिशा में मुहिम छेड़े हुए है। इसमें कामयाबी भी हाथ लग रही है। -डॉ. खुशहाल शर्मा, एसपी कानून व्यवस्था एवं प्रवक्ता, पुलिस विभाग