हिमाचल-पंजाब सीमा पर बस और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर, कई यात्री हुए घायल; हादसे के बाद चालकों ने किया चक्का जाम
कांगड़ा के संसारपुर टैरेस में एक निजी बस और पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में कुछ यात्री घायल हो ...और पढ़ें

संसारपुर टैरेस के पास दुर्घटनाग्रस्त निजी बस और खड़ी ट्रैक्टर ट्राली। जागरण
HighLights
संसारपुर टैरेस में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर।
हादसे में कुछ यात्री घायल, कोई गंभीर नहीं।
पंजाब-हिमाचल सीमा पर 25 मिनट तक चक्का जाम।
कमलजीत, डाडासीबा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में सोमवार को बस और पराली से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर हो गई। हादसे के समय निजी बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। कुछ यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे निजी बस फतेहपुर से तलवाड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में बीबीएमबी वर्कशाप के पास मोड़ पर पहुंची, उसी दौरान सड़क के बीच मुड़ रही पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से जोरदार टक्कर हो गई।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्राली पर पराली ओवरलोड थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
पंजाब-हिमाचल सीमा पर चक्का जाम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरेस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालकों से वाहनों को हटाने के लिए कहा, लेकिन इस दौरान चालक भड़क गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालकों ने पंजाब-हिमाचल सीमा पर सड़क पर जाम लगा दिया।
करीब 25 मिनट तक जाम लगे रहने के कारण संसारपुर टैरेस और तलवाड़ा दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
संसारपुर टैरेस थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
