विधानसभा के मानसून सत्र से पहले भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर बोला हमला, जयराम सरकार को दी बधाई
Himachal Monsoon Session भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने विपक्षी कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला है।
शिमला, जेएनएन। भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने विपक्षी कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कांग्रेस के किसी भी नेता को जयराम सरकार पर टिप्पणी करने का हक नहीं है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोलकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने इज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में राज्य को सातवें स्थान पर पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बधाई दी।
उनका कहना है कि यह राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश को विकास की राह पर ले जाने में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों का परिणाम है। जिसके चलते प्रदेश ने देश के सभी राज्यों में नौ स्थानों की छलांग लगाकर सातवां स्थान प्राप्त किया है। सरकार की ओर से किए जा रहे सुधारों का नतीजा है कि धारा-118 के मामलों का ऑनलाइन आवेदन, श्रम कानूनों में सुधार करना, एकल खिड़की प्रणाली को मजबूत करना और सीएम हेल्पलाइन 1100 जैसे अनेक बड़े फैसले शामिल हैं।
उन्होंने कहा विपक्ष में बैठी कांग्रेस हमेशा प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। इस पार्टी के नेताओं की आदत है कि झूठ बोलकर छवि को सुधारा जाए। राज्य में विकास नहीं होने के आरोप लगाने वाली कांग्रेस को उसके सवालों के जवाब स्वत: मिल जाते हैं।