हिमाचल भाजपा अध्यक्ष बोले, प्रदेश में नहीं अपनाया जाएगा अरविंद केजरीवाल का फार्मूला; दिया यह तर्क
Rajiv Bindal Hit AAP भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए चश्मा उतारने की बात कही और विकास देखने को कहा।
ज्वालामुखी, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए चश्मा उतारने की बात कही और विकास देखने को कहा। उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर अरविंद केजरीवाल व अन्य नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश को मुफ्तखोरों का देश नहीं बनाया जा सकता। बिजली, पानी व परिवहन आप सरकार मुफ्त में देकर वोट तो ले सकते हैं पर देश का विकास नहीं कर सकते। उन्होंने कहा केजरीवाल का फार्मूला प्रदेश में नहीं अपनाया जाएगा। नहीं तो किसी को भी रोजगार और सरकारी कर्मचारी को तनख्वाह नहीं मिलेगी। इस मौके पर शहरी भाजपा अध्यक्ष राम स्वरूप शास्त्री भी उनके साथ थे।
हाल ही में हुए दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने काफी सुविधाएं मुफ्त देने की घोषणा की थी, इसके बाद चर्चा रही कि केजरीवाल की पार्टी इन योजनाओं के कारण चुनाव जीत गई। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल में मुफ्त बिजली और सुविधाओं के इंतजार में बैठे कुछ लोगों को यहां यह सब नहीं मिलने वाला।
सोवमार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल ने अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार ज्वालाजी पहुंचे और माता के दर्शन किए। पुजारी ने उनसे विधिवत पूजा अर्चना करवाई गई। मंदिर प्रशासन की तरफ से उन्हें माता का सिरोपा व चुन्नी भी भेंट की गई।
राजीव बिंदल ने माता ज्वालाजी से आशीर्वाद मांगा कि वे अध्यक्ष होने के नाते पार्टी, समाज व प्रदेश की जनता की भरपूर सेवा कर सकें और भाजपा लगातार देश हित व प्रदेश हित में कार्य करती रहे। उन्होंने प्रदेश में जयराम सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल बहुत सफल बताया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार पुनः पांच वर्षो के लिए चुनी जाएगी और प्रदेश हित व समाज सेवा के लिए निरतंर कार्य करेगी।