नड्डा की ताजपोशी पर हिमाचल भाजपा नेताओं की दिल्ली में नाटी, जयराम, शांता और धूमल ने दी बधाई
जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर दिल्ली में नाटी और हिमाचली गीतों पर पार्टी कार्यकर्ता झूम उठे।
धर्मशाला, जेएनएन। जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर दिल्ली में नाटी और हिमाचली गीतों पर पार्टी कार्यकर्ता झूम उठे। हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल और नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया दिल्ली में नड्डा की नियुक्ित के बाद झूम उठे। चंबा की आर की नदिया पार गाने को गुनगुनाते हुए ढोल की थाप पर दोनों नेता कार्यकर्ताओं के साथ झूमते दिखे। दोनों नेताओं के नाचने का वीडियो भी सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
दिल्ली में सोमवार को जगत प्रकाश नड्डा के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई देते हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें बधाई दी। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के मंत्री और कई विधायक भी दिल्ली में ही मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के अधिकतर नेता दिल्ली में मौजूद थे।
भाजपा मुख्यालय दिल्ली में चुनाव अधिकारी मोहन सिंह को जेपी नड्डा के समर्थन में पत्र सौंपते हिमाचल का शीर्ष नेतृत्व।
चुनाव अधिकारी को दिया समर्थन पत्र
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए जेपी नड्डा के समर्थन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सहित अन्य मंत्री और सांसदों के साथ हिमाचल भवन दिल्ली से केंद्रीय पार्टी मुख्यालय तक पैदल मार्च किया। पार्टी मुख्यालय में चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह को हिमाचल प्रदेश के नेताओं की तरफ से समर्थन पत्र दिया।
नड्डा की नियुक्ित दर्शाती है उनकी योग्यता : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर में पत्रकारों को त्वरित प्रतिक्रिया जारी करते हुए कहा हिमाचल प्रदेश से जगत प्रकाश नड्डा के रूप में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना देश व प्रदेश की जनता को बहुत बड़ा मान सम्मान मिला है। उन्होंने कहा प्रदेश को पहली बार भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है, यह जेपी नड्डा की अपनी योग्यता को दर्शाता है। धूमल ने राष्ट्रीय नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने नड्डा की ताजपोशी पर खुशी जताई है और उन्हें बधाई दी है।
आज का दिन हिमाचल के इतिहास में स्मरणीय : शांता कुमार
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा आज का दिन हिमाचल प्रदेश के इतिहास में स्मरणीय है। प्रदेश के योग्य और युवा नेता जगत प्रकाश नड्डा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष पद पर विराजमान हुए हैं। हिमाचल के लिए यह एक ऐतिहासिक और सौभाग्य का अवसर है। शांता कुमार ने जेपी नड्डा समेत प्रदेश की जनता को भी बधाई दी है।