हिमाचल उपचुनाव: भाजपा चुनाव समिति संसदीय बोर्ड को भेजेगी दावेदारों के नाम, हाईकमान लगाएगी मुहर
प्रदेश भाजपा चुनाव समिति आज को दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए टिकट दावेदारों के नाम छंटनी कर संसदीय बोर्ड को भेजेगी।
शिमला, जेएनएन। प्रदेश भाजपा चुनाव समिति दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए टिकट दावेदारों के नाम छंटनी कर संसदीय बोर्ड को भेजेगी। जल्द ही हाईकमान दोनों हलकों से अपने प्रत्याशी तय कर देगा। धर्मशाला और पच्छाद में उपचुनाव के लिए प्रत्याशी तय करने को लेकर भाजपा की बैठक आज होगी। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा हिस्सा लेंगे। बैठक में पार्टी प्रत्याशियों की सूची में छंटनी या फिर एक नाम के साथ पार्टी आलाकमान को भेजा जा सकता है।
उपचुनाव के लिए दो पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल से भी चर्चा हुई है। अब तक धर्मशाला से राजीव भारद्वाज, उमेश दत्त, राकेश शर्मा, संजय शर्मा व विशाल नेहरिया के नाम सामने आए हैं। पच्छाद विधानसभा सीट के लिए आशीष सिकटा, रीना कश्यप, दयाल प्यारी कश्यप और बलदेव कश्यप ने दावेदारी जगाई है।
टिकट के चाहवान दिल्ली में डटे
धर्मशाला व पच्छाद में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में टिकट चाहने वालों ने दिल्ली में डेरा जमा दिया है। हालांकि टिकट का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा लेकिन उससे पहले चाहवानों ने दिल्ली पहुंच कर केंद्रीय नेताओं से लॉबिंग शुरू कर दी है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों से टिकट के दावेदारों ने सोमवार को दिल्ली पहुंच कर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से अलग-अलग मुलाकात की।
इन नेताओं को भी बैठक का न्योता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा से चर्चा के बाद यह बैठक मंगलवार को शाम छह बजे बुलाई है। इस बारे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी अवगत करवाकर उन्हें आने को कहा गया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का अध्यक्षता में होने जा रही इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेमकुमार धूमल के अलावा भाजपा सांसद, भाजपा संगठन महामंत्री, महिला मोर्चा की अध्यक्ष और अन्य तमाम पदाधिकारी बुलाए गए हैं।