बिहार चुनाव में जीत पर हिमाचल भाजपा ने मनाया जश्न, बैजनाथ में बांटे लड्डू, सीएम ने भी दी बधाई
Bihar Victory बिहार में एनडीए को बहुमत मिलने पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ता मिठाई बांटकर खुशी मना रहे हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने भी बिहार के नेताओं को जीत पर बधाई दी है।
बैजनाथ, जेएनएन। बिहार में एनडीए को बहुमत मिलने पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ता मिठाई बांटकर खुशी मना रहे हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने भी बिहार के नेताओं को जीत पर बधाई दी है। साथ ही पार्टी हाईकमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी इस जीत पर शुभकामनाएं दी हैं। बुधवार को बैजनाथ भाजपा मंडल ने पटाखे फोड़ पर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर बैजनाथ के चौबीन चौक में एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने बिहार चुनाव की जीत पर सभी को बधाई दी। इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं के लोगों को मिठाई भी वितरित की गई।
विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने कहा यह जीत आम जनता की जीत है। इस जीत से साबित होता है कि देश की जनता भाजपा पर विश्वास रखती है और मोदी सरकार की योजना और विकास के कामों से संतुष्ट है। उन्होंने इस जीत का श्रेय भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को दिया है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष भीखम राम कपूर सहित कई गण्यमान्य मौजूद थे।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमल शर्मा की अगुवाई मे बिहार चुनाव और देश के विभिन्न-विभिन्न प्रदेशों के उपचुनाव के नतीजे भाजपा और एनडीए के पक्ष में रहने पर शाहपुर में लड्डू बांट कर खुशी मनाई। कमल शर्मा ने कहा देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास के एजेंडे पर मोहर लगाते हुए और कोरोना काल में किए गए अच्छे निर्णयों से खुश होकर भाजपा और एनडीए के पक्ष में वोट किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं।