राजीव बिंदल का हिमाचल भाजपा अध्यक्ष बनना तय, विधानसभा सचिवालय से सामान समेटा; दिया यह बयान
Himachal BJP President हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डाॅक्टर राजीव बिंदल का भाजपा राज्य अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।
शिमला, जेएनएन। Himachal BJP President, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डाॅक्टर राजीव बिंदल का भाजपा राज्य अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। ऐसी चर्चा है कि बुधवार को बिंदल ने विधानसभा सचिवालय से अपना सामान भी समेट लिया है। राजीव बिंदल ने कहा कि वह 17 जनवरी को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे। बिंदल ने कहा कि वह तो वही कर रहे हैं, जो संगठन ने तय किया है। हम संगठन से बाहर नहीं जा सकते हैं। हमारा कार्यकर्ता चाहे मैं हूं या फिर कोई और संगठन के निर्देशों के तहत ही काम करते हैं।
राजीव बिंदल ने कहा पार्टी आलाकमान ने जो निर्णय लिया है, उसके मुताबिक ही काम कर रहा हूं। पहले भी पार्टी के निर्देशों के तहत काम कर रहा था और आज भी उसी तरह से काम कर रहा हूं। मैं पार्टी अध्यक्ष पद पर संगठन को अगले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार करने के लिए काम करूंगा। मेरे लिए अगला विधानसभा चुनाव जीतना लक्ष्य रहेगा। डाॅक्टर राजीव बिंदल के साथ हमेशा साथ रहने वाले ओएसडी धर्मपाल महाजन का कहना है विधानसभा से सामान समेटना शुरू कर लिया गया है।
लंबी जद्दोजहद के बाद आलाकमान की बिंदल पर सहमति
हिमाचल भाजपा की कमान विधानसभा अध्यक्ष डाॅक्टर राजीव बिंदल संभालेंगे। लंबी जद्दोजेहद के बाद भाजपा हाईकमान ने इस पर आला नेताओं के बीच सहमति बना ली है। हिमाचल सरकार के साथ कैसे संगठन का बेहतर समन्वय हो सकता है। इस पर दिल्ली में कई दिनों से मंथन चला था। इस दौड़़ में पूर्व विधायक रणधीर शर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल का भी नाम भी चल रहा था, लेकिन भाजपा ने चुनावी रणनीति के माहिर डाॅक्टर राजीव बिंदल को पार्टी की राज्य में कमान सौंपने की तैयारी कर ली है। पार्टी में किसी भी स्तर की गुटबाजी इस फैसले के बाद न हो, इसके लिए पार्टी ने बिंदल के नाम पर मुहर लगाने का फैसला लिया है। लोहड़ी के मौके पर ओकओवर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जब उन्हें अध्यक्ष के तौर पर संबोधित किया तो पहले तो सभी ने विधानसभा अध्यक्ष समझा, लेकिन बाद में स्थिति साफ हो गई कि इन्हें विधानसभा के बाद पार्टी की कमान सौंपने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है।