हिमाचल सरकार आज से शुरू करेगी इंटरस्टेट बस सेवा, पहले चरण में 25 रूटों पर चलेंगी नॉन एसी बसें, पढ़ें खबर
Inter State Bus Services बुधवार से हिमाचल पथ परिवहन निगम की अंतरराज्यीय बस सेवाओं (इंटरस्टेट बस सर्विसेज) शुरू हो जाएगी। इस संबंध में सरकार ने अहम निर्णय लिया है। इसके तहत प्रथम चरण में 25 रूटों पर बसें चलाई जाएंगी।
शिमला, जेएनएन। बुधवार से हिमाचल पथ परिवहन निगम की अंतरराज्यीय बस सेवाओं (इंटरस्टेट बस सर्विसेज) शुरू हो जाएगी। इस संबंध में सरकार ने अहम निर्णय लिया है। इसके तहत प्रथम चरण में 25 रूटों पर बसें चलाई जाएंगी। इनमें चंडीगढ़, पठानकोट, बद्दी, होशियारपुर, लुधियाना, अम्बाला, हरिद्वार इत्यादि प्रमुख हैं। अंतरराज्यीय रूटों पर सिर्फ गैर-वातानुकूलित (नॉन-एसी) बसें ही चलाई जाएंगी। इन अंतरराज्यीय बस रूटों में रात्रि बस सेवाएं भी शामिल की गई हैं। यह जानकारी परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा नवरात्र और त्योहारों के मद्देनजर लोगों को सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है। पिछले कुछ समय से आम लोग भी अंतरराज्यीय बस सेवाएं आरंभ करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अन्य राज्यों के लिए भी बस सेवाएं आरंभ की जाएगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि अंतरराज्यीय रूटों पर बसों के परिचालन के लिए कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। सवारियों की सेहत का खास ध्यान रखा गया है।
कई राज्यों की सरकार से हुई बात
राज्य सरकार ने बस सेवाएं आरंभ करने के लिए कई राज्यों की सरकारों से बात की। अधिकांश ने सहमति ताई है। अब जल्द ही और रूटों पर भी बसें चलाएंगे। गौरतलब है कि एचआरटीसी के करीब 650 इंटर स्टेट बस रूट हैं। ये लॉकडाउन वन के समय से ही बंद पड़े हैं। कोरोना के कारण निगम को अब तक 275 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। राज्य के अंदर बस सेवाओं काफी पहले शुरू कर दी थी, लेकिन इनमें कोरोना संक्रमण के कारण सवारियां पूरी क्षमता के अनुसार नहीं बैठ पा रही हैं।
कितना है बसों का बेड़ा
प्रदेश में एचआरटीसी की बसों का बेड़ा करीब तीन हजार है। इनमें से अभी 60 फीसद रूट चल रहे हैं। 40 फीसद अभी भी बंद ही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवाएं प्रभावित हो रही है। यही हाल निजी बस सेवाओं का भी है।