In Pics Himachal Pradesh Weather: बर्फ से गुलजार हुईं हिमाचल की वादियां, देखिए तस्वीरों में नजारा
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। लाहुल-स्पीति में तो जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है।
धर्मशाला/मनाली, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश की वादियां बर्फ से गुलजार हो गई हैं। पर्यटक सुंदर वादियों का नजारा लेने के लिए हिमाचल का रुख कर रहे हैं। हालांकि ऊंचाई वाले स्थानों पर रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए बर्फबारी जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। लाहुल-स्पीति में जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। जिला चंबा का पांगी उमंडल देश दुनिया से कट चुका है तो जिला कुल्लू के आनी उपमंडल का भी कुछ ऐसा ही हाल है। मनाली के ऊपरी गांवों में बर्फ पहुंच चुकी है। सैलानी जरूर बर्फ में मस्ती कर रहे हैं। लेकिन स्थानीय लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। शिमला के नारकंडा और खड़ा पत्थर में पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। चंबा जोत मार्ग भी बंद हो चुका है। यहां वाहन भी बर्फ पर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
लाहुल-स्पीति घाटी के सिस्सू गांव में बर्फबारी के बाद सबकुछ बर्फ में कैद हो गई है। बर्फ़बारी ने लाहुल घाटी के लोगों की दिक्कत को बढ़ा दिया है। बर्फ़बारी के चलते समस्त लाहुली घाटी में जन जीवन प्रभावित हो गया है। बस सेवा पहले ही बंद हो गई थी। आज से छोटे वाहनों के भी पहिये थम गए हैं।
जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी का भारी बर्फबारी के बाद शेष दुनिया से संपर्क कट गया है। किलाड़ में बर्फ के बीच लकदक खड़ी एचआरटीसी की बसें। पांगी उपमंडल साच पास के बंद होने के बाद करीब छह माह तक शेष दुनिया से कटा रहता है। बाया जम्मू आने का एकमात्र विकल्प है। लेकिन करीब 600 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है, ज्यादा बर्फ पड़ने यह मार्ग भी बंद हो जाता है।
जिला लाहुल-स्पीति के केलंग में हुआ हिमपात। केलंग व पटन घाटी में कुछ एक स्थानों में फ़ॉर व्हील ड्राइव छोटे वाहन चल रहे हैं। लेकिन कोकसर सिस्सू, दारचा जिस्पा, कारदंग प्यूकर, चौखंग नेन्गाहर और मायड़ घाटी में वाहन सेवा पूर्व रूप से ठप हो गई है।
जिला कुल्लू के मनाली के पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पर्यटक उमड़ पड़े हैं। मनाली के समस्त पर्यटन स्थल रोहतांग, राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहला फाल, गुलाबा, फातरु, कोठी, सोलंगनाला, अंजनी महादेव और पलचान में बर्फ़बारी हुई है। नजदीक के इन पर्यटन स्थलों में सैलानी बर्फ का खूब आनंद ले रहे है।
मनाली के पर्यटन स्थलों में उमड़े पर्यटक। इन दिनों मनाली आ रहे पर्यटकों के मन को मौसम भा रहा है। पर्यटक पर्यटन स्थलों में पिछले तीन दिनों से आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे है। सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव व कोठी में सैलानी बर्फ का आनंद उठा रहे हैं। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा रोहतांग दर्रे में भारी बर्फबारी को देखते हुए आज पर्यटक वाहनों को कोठी तक ही जाने की अनुमति दी गई है।
चंबा-जोत मार्ग पर बर्फ पर फिसलकर लुढ़की पंजाब नंबर की कार। पीबी 35 जी 3358 कार में पांच लोग सवार थे। रात 12 बजे के बाद भारी बर्फबारी होने से कार स्किड होकर लुढ़क गई। पठानकोट निवासी पांचों लोग चंबा में शादी समारोह से लौट रहे थे। गनीमत रही कि कार खाई में नहीं गिरी, अन्यथा जानी नुकसान हो सकता था।