धर्मशाला के पर्यटन स्थल बर्फबारी से गुलजार, नड्डी की डल झील का पानी जमने लगा; देखिए तस्वीरें
Heavy Snowfall in Himachal मैक्लोडगंज समेत धर्मशाला के प्रमुख पर्यटन स्थल बर्फ से गुलजार हो गए हैं। भारी बर्फबारी होटल कारोबार बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।
धर्मशाल, राजेंद्र डोगरा। मैक्लोडगंज समेत धर्मशाला के प्रमुख पर्यटन स्थल बर्फ से गुलजार हो गए हैं। भारी बर्फबारी होटल कारोबार बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। बर्फ गिरने की सूचना के साथ ही पर्यटकों ने मैक्लोडगंज समेत अन्य पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर दिया है। ठंड में इजाफा होने के कारण नड्डी की डल झील का पानी भी जमने लग पड़ा है। हालांकि मौजूदा समय में मैक्लोडगंज में 30 से 35 फीसद ही कमरों की बुकिंग हो रही थी, लेकिन अब बर्फ गिरने के बाद होटल कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि पर्यटकों की संख्या बढ़ने से उनका कारोबार बढ़ेगा और साथ ही क्षेत्र में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों को भी घरद्वार पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
सबसे ज्यादा बर्फ गलू में है। हालांकि यहां तक पर्यटकों का पहुंच पाना न के बराबर है, क्योंकि गलू में दो फुट तक बर्फबारी हुई है। धर्मकोट व नड्डी में करीब एक-एक फुट तक बर्फबारी हुई है। इसके अलावा भागसूनाग व डल झील में 6-6 इंच बर्फ गिरी है। वहीं मैक्लोडगंज में 4 इंच तक बर्फबारी हुई है। र्मशाला के साथ लगती सौकणी दा कोट पंचायत के थातरी गांव में पौना फीट, जबकि खड़ौता में 6 इंच बर्फ गिरी है।
ताजा बर्फबारी के लुढ़का पारा
ताजा बर्फबारी व बारिश के बाद धर्मशाला शहर के अधिकतम व न्यूनतम पारे में भी गिरावट आई है। न्यूनतम पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया है। शहर में बुधवार सुबह न्यूनतम पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 24 घंटों के भीतर 49.6 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है।
कहां कितनी बर्फबारी
- भागसूनाग 6 इंच
- धर्मकोट 1 फीट
- नड्डी 1 फीट
- डल झील 6 इंच
- मैक्लोडगंज 4 इंच
- गलू 2 फीट
- थातरी पौना फीट
- खड़ौता 6 इंच
क्या कहते हैं होटल कारोबारी
- मौजूदा समय में 25 से 30 फीसद तक कमरों की बुकिंग है। लेकिन ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे होटल कारोबारियों को राहत मिलेगी। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी यहां हुई बर्फबारी व धौलाधार की प्राकृतिक छठा के प्रति पर्यटकों को आकर्षित किया जा रहा है। -अश्वनी बांबा, अध्यक्ष होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अप्पर धर्मशाला।
- शहर में 30 से 35 फीसद तक कमरों की बुकिंग चल रही है, जबकि अब बर्फबारी से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और इससे होटल कारोबार को भी लाभ मिलेगा। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रचार का भी सहारा लिया जाएगा। -डॉ. विशाल नैहरिया, प्रवक्ता होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला।