धर्मशाला व आसपास के इलाकों में भारी बारिश, गर्मी से मिली राहत Kangra News
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने दो दिन बाद फिर रंग दिखा दिया है। जिला कांगड़ा में दोपहर बाद जमकर बारिश हुई इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने दो दिन बाद फिर रंग दिखा दिया है। जिला कांगड़ा में दोपहर बाद जमकर बारिश हुई, इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। वहीं गर्मी से भी राहत मिली है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से सुबह शाम ठंड का अहसास भी होने लग पड़ा है। प्रदेश में सोमवार को कई स्थानों पर बारिश हुई थी, लेकिन मंगलवार को सारा दिन मौसम साफ रहा था। बारिश का असर ऊना जिले में देखने को मिलने लगा है जहां न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 22 सितंबर तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। प्रदेश में 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई थी। प्रदेश में इस बार बरसात के दौरान करीब 1215 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक क्षति सड़कों व पुलों को होने के कारण लोक निर्माण विभाग को काफी नुकसान पहुंचा है।