चामुंडा धाम में नवरात्र की भव्य तैयारियां, 61 पंडित कराएंगे अनुष्ठान, 28 CCTV और 62 पुलिसकर्मी तैनात
श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 11 से 20 अक्टूबर तक होने वाले शारदीय नवरात्रों के लिए तैयारियां तेज हो गई ...और पढ़ें

शारदीय नवरात्रों के लिए चामुंडा धाम में कड़ी सुरक्षा और व्यापक तैयारियां।
HighLights
शारदीय नवरात्र 11 से 20 अक्टूबर तक चामुंडा धाम में
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु 42 पुलिसकर्मी, 20 होमगार्ड तैनात
61 पंडित और 20 छात्र धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाएंगे
संवाद सहयोगी, योल। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 11 से 20 अक्टूबर तक होने वाले शारदीय नवरात्रों को लेकर मंदिर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 42 पुलिस कर्मियों और 20 अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी।
वहीं, धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 61 विद्वान पंडितों और संस्कृत महाविद्यालय के 20 छात्रों की सेवाएं ली जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए 28 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। शारदीय नवरात्र की तैयारियों को लेकर सोमवार को मंदिर सभागार में मंदिर अधिकारी राकेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इसमें नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि नवरात्र के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नवरात्र के दौरान नरेश आचार्य मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना करेंगे, जबकि सुभाष चंद और डॉ. मदन दीक्षित सहायक यजमान की भूमिका निभाएंगे। वहीं हिमानी चामुंडा में मनोज कुमार और पवन गोस्वामी यजमान के रूप में पूजा-अर्चना करेंगे। 61 विद्वान पंडितों और संस्कृत महाविद्यालय के 20 छात्र धार्मिक अनुष्ठानों को संपन्न करवाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर में 28 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस और अतिरिक्त होमगार्ड जवान श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया है।
बैठक में मंदिर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सुलभ शौचालय संगठन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पेयजल और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां दी गई हैं।
श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पीएचसी बढ़ोई और आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी चामुंडा को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया गया है। मंदिर प्रशासन की ओर से नवरात्र के दौरान स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
