विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

HP Congress Candidate List: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में चार प्रत्याशियों के नाम तय, छह पर फंसा पेच

By Jagran NewsEdited By: Virender Kumar
Published: Sat, 08 Oct 2022 08:02 AM (IST)

Himachal Congress Candidate List विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की शुक्रवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में 22 ...और पढ़ें

Himachal Candidate List: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में चार प्रत्याशियों के नाम तय।
Himachal Candidate List: कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में चार प्रत्याशियों के नाम तय।

शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Congress Candidate List, विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की शुक्रवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में 22 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी उतारने पर मंथन हुआ। बैठक में चार सीटों पर केवल एक नाम भेजने पर सहमति बनी। 18 सीटों पर पैनल बनाया गया है। केंद्रीय चुनाव समिति ही इस पर अंतिम फैसला लेगी। चुनाव समिति की बैठक 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। सोनिया गांधी अभी दिल्ली से बाहर हैं, वह शनिवार को लौटेंगी। शिमला जिले के चौपाल से रजनीश किमटा, मंडी के धर्मपुर से डा. पन्ना लाल, नूरपुर से अजय महाजन व बंजार से खीमी राम का नाम भेजने का निर्णय बैठक में लिया है। 40 सीटों पर प्रत्याशी पहले ही तय कर लिए हैं, छह नाम हाईकमान तय करेगा।

शिमला शहरी सीट

सबसे ज्यादा घमासान शिमला शहरी सीट पर है। इस सीट के लिए 10 नामों पर चर्चा हुई। पार्टी सूत्र बताते हैं कि यहां से छह नाम बाहर कर चार नेताओं का पैनल बनाया है। इनमें यशवंत छाजटा, नरेश चौहान, हरीश जनारथा और महेश्वर चौहान का नाम है। बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपादास मुंशी, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ल, सहप्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, पूर्व केंद्रीय मंत्री आंनद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेता मौजूद रहे। बाद में हिमाचल भवन में हुई बैठक में सोलन में होने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली पर चर्चा की गई। हिमाचल में होने वाली दूसरी रैलियों पर भी चर्चा हुई। देर रात तक यह बैठक चली।

ठियोग से तीन नाम

ठियोग विधानसभा से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर भी टिकट की दौड़ में हैं। बैठक में इस सीट से तीन नाम का पैनल भेजने का निर्णय लिया है। इनमें कुलदीप राठौर, दीपक राठौर और हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं इंदु वर्मा का नाम शामिल है। सरकाघाट से यदोपति ठाकुर, पवन ठाकुर व पूर्व विधायक रंगीला राम राव का नाम पैनल में है।

दो नेताओं में तीखी नोकझोंक

बैठक में प्रदेश के दो नेताओं के बीच नोकझोंक हुई। सूत्र बताते हैं कि एक नेता अपने समर्थकों की ही पैरवी कर रहा था, जिस पर दूसरे ने आपत्ति जताई। कई जगह पर सर्वे रिपोर्ट और जनाधार को भी नजरअंदाज किया जा रहा था। इस पर काफी हंगामा हुआ। वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक को बैठक में बुलाया गया, उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई कि इस मामले को निपटाएं। जिन सीटों पर विवाद हुआ, वहां से पैनल बनाकर भेजने का निर्णय हुआ है।