पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली का सरकार पर निशाना, बोले- रद किया जाए कंडक्टर भर्ती का पेपर
HRTC Conductor Exam एचआटीसी कंडक्टर भर्ती पेपर वायरल मामले को लेकर पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कहा कि कर्मचारी चयन आयोग अगर पेपर करवा रहा है और तब भी पेपर लीक हो रहा है तो यह बड़े ही शर्म की बात है।
कांगड़ा, जेएनएन। प्रदेश परिवहन निगम (एचआटीसी) कंडक्टर भर्ती पेपर वायरल मामले को लेकर पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग अगर पेपर करवा रहा है और तब भी पेपर लीक हो रहा है तो यह बड़े ही शर्म की बात है। सरकार को मामले की जांच करनी चाहिए कि कैसे प्रश्न पत्र लीक हुआ और कैसे ये स्क्रीन शॉट बाहर आए। जीएस बाली ने कहा हिमाचल प्रदेश में आज बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है और जो लोग मेहनत करके पेपर देने जाते हैं उन लोगों का विश्वास सरकार के ऊपर से उठ जाएगा।
पूर्व मंत्री ने कहा उनके कार्यकाल में होने वाली हर भर्ती को लेकर भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए लांछन लगाए। भाजपा ने बिना बात भर्ती रुकवाने के लिए मामले कोर्ट तक पहुंचाए। लेकिन आखिर में कोर्ट से भी हर तरह की क्लीन चिट मिली।
भाजपा ने भर्ती हो रहे बेरोजगारों को तंग किया और उन्हें लटकाया। लेकिन अब जब उनकी सरकार है तो भर्ती में गड़बड़झाले सामने आ रहे हैं। सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं की चिंता न कर बाहरी लोगों को नौकरियां दे रही है। परीक्षा केंद्रों से परीक्षा के दौरान ही प्रश्न पत्र बाहर आ रहे हैं। बाली ने कहा सरकार को मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द पेपर रद करने का आदेश देना चाहिए। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। अगर चयन बोर्ड के अधिकारियों की गलती है तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर यह पेपर लीक हुआ है तो बाकी पेपर भी लीक हुए होंगे। पुलिस भर्ती फर्जीवाडे का मामला भी कांगडा में सामने आया था। लेकिन उसमें भी कोई एक्शन नहीं हुआ।