पूर्व भाजपा सांसद राजन सुशांत ने बनाई हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी, महिलाओं को देंगे 33 फीसद आरक्षण
Former BJP MP हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनाव होने में अभी दो साल से अधिक का समय है। लेकिन उससे पहले ही पूर्व सांसद डॉक्टर राजन सुशांत ने नई पार्टी हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी बनाकर सियासी हलचल पैदा कर दी है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनाव होने में अभी दो साल से अधिक का समय है। लेकिन उससे पहले ही पूर्व सांसद डॉक्टर राजन सुशांत ने नई पार्टी हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी बनाकर सियासी हलचल पैदा कर दी है। यह दल आने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करेगा। आने वाले छह महीनों में बूथ स्तर पर कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा। उसके बाद सरकार के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसकी घोषणा डॉक्टर राजन सुशांत ने पत्रकार वार्ता के दौरान की।
उन्होंने कहा प्रदेश के संसाधनों को सरकार बेच रही है, उनका सरंक्षण नहीं कर पा रही है। सरकार की वित्तीय स्थिति ख़राब है। कर्ज़ लेकर सरकार चलाई जा रही है। हर पैदा होने वाले बच्चे पर 80 हज़ार का कर्ज़ पड़ रहा है। 13 लाख बेरोजगारों की फ़ौज के साथ सरकार अन्याय कर रही है। बीबीएमबी की हिस्सेदारी अभी तक हिमाचल को नहीं मिली है। जयराम सरकार हर मोर्चे पर फ़ेल रही है। हिमाचल में संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन सरकार इनका दोहन करने में विफ़ल रही है।
महिलाओं के लिए होगा 33 फीसद आरक्षण का प्रावधान
डॉक्टर सुशांत ने कहा उनकी पार्टी में महिलाओं के लिए 33 फ़ीसद आरक्षण का प्रावधान होगा। शांता कुमार का नाम लिए बगैर कहा कि सिद्धांतों की राजनीति करने वाले व हर तीसरे दिन पत्र लिखने वाले नेता भी पेंशन व सुख सुविधाओं को छोड़ें, क्योंकि वक़्त के साथ ऐसे नेताओं की राय भी बदलती रही है।