अपनों के लिए लगाएं पौधे, सहेजेगा वन विभाग
कांगड़ा वनों को सहेजने में अन्य जिलों के मुकाबले काफी आगे रहा है। फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में 130 वर्ग मीटर का वनीय क्षेत्र यहां बढ़ा है।
पालमपुर, जेएनएन: पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने की वन विभाग ने स्वयं पहल की है। वन विभाग ऐसी स्मृति वाटिकाएं बना रहा है, जहां पर लोग अपनों की या किसी अपने के जन्मदिन पर पौधरोपण कर सकते हैं। वन विभाग के पालमपुर व नूरपुर सर्किल में ऐसी ही स्मृति वाटिकाओं का निर्माण किया गया है।
अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए इस बार प्रदेश सरकार ने भी वन महोत्सव को बड़े पैमाने पर मनाया था। वहीं जिला कांगड़ा वनों को सहेजने में अन्य जिलों के मुकाबले काफी आगे रहा है। फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में 130 वर्ग मीटर का वनीय क्षेत्र यहां बढ़ा है। ऐसे में हरियाली को बढ़ाने केलिए और लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए इन स्मृति वाटिकाओं का निर्माण किया गया है। इन वाटिकाओं में किसी के जन्मदिन या अन्य किसी मौके या यादगार के रूप में लोग पौधरोपण कर सके हैं। इसके लिए पौधा वन विभाग भी सरकारी रेट पर लोगों को देगा तथा लोग अपना पौधा भी लगाने के लिए ला सकते हैं। वाटिका में पौधे की निगरानी भी की जाएगी। लोगों को पौधरोपण से जोड़ने के लिए उठाए गए इस कदम का परिणाम
यह रहेगा कि अगर लोग आगे आकर पौधरोपण करते हैं तो उनको न तो पौधे के खराब होने या रखरखाव की होगी क्योंकि वाटिका में वन विभाग के कर्मचारी ही उनका रखरखाव व देखरेख करेंगे। ऐसे में यहां पर लगाए जानेवाले पौधे पेड़ बनेंगे।
स्मृति वाटिकाओं में लोग अपने किसी परिचित के जन्मदिन या याद में पौधरोपण कर सकते हैं। हर सर्किल में इनका निर्माण हो रहा है। पालमपुर व नूरपुर में दो वाटिकाएं बनाई गई हैं।
-बीएस यादव, डीएफओ, पालमपुर।