कैंब्रिज स्कूल के विद्यार्थियों ने लिया फिट रहने का संकल्प
खेल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लांच फिट इंडिया अभियान का सीधा प्रसारण कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल पालमपुर के छात्रों को दिखाया गया।
संवाद सहयोगी, पालमपुर : खेल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लांच 'फिट इंडिया अभियान' का सीधा प्रसारण कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल पालमपुर के छात्रों को दिखाया गया। इसमें अध्यापक भी शामिल रहे। प्रसारण में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के दिन ही भारत को मेजर ध्यानचंद के रूप में महान हॉकी खिलाड़ी मिले थे। आज पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है। फिट इंडिया आंदोलन के जरिए नए भारत में हर नागरिक को स्वस्थ भारत का सपना साकार करना सरकार का लक्ष्य है। आज देश की जरूरत है कि फिट इंडिया को जन आंदोलन बनाया जाए। साथ ही इससे खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ेगा। हमारी सरकार ने खेलों को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देश को छात्रों ने बड़े ही उत्साह के साथ देखा तथा खेलों में भारत का नाम ऊंचा करने तथा स्वस्थ रहने का संकल्प लिया।
प्रसारण के उपरांत प्रधानाचार्य विश्वराज पुरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि फिटनेस सिर्फ शब्द नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी शर्त है। उन्होंने बच्चों को फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत फिट रहने और खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया।