विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आनी के श्वाड़ में हार्डवेयर की दुकान व स्टोर जला

By Virender KumarEdited By:
Published: Sun, 14 Nov 2021 03:50 PM (IST)Updated: Sun, 14 Nov 2021 08:53 PM (IST)

कुल्‍लू जिला के आनी के शवाड में माता शैलपुत्री मंदिर के समीप रविवार दोपहर शैलपुत्री हार्डवेयर स्टोर में अचानक भयानक ...और पढ़ें

माता शैलपुत्री मंदिर के समीप शैलपुत्री हार्डवेयर स्टोर में भड़की आग। जागरण
माता शैलपुत्री मंदिर के समीप शैलपुत्री हार्डवेयर स्टोर में भड़की आग। जागरण

आनी, संवाद सहयोगी। जिला कुल्लू के उपमंडल आनी के श्वाड़ में रविवार को पांच मंजिला हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। आग दोपहर बाद लगी, जिसे बुझाने में दमकल विभाग की टीम को दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आनी से 12 किलोमीटर दूर श्वाड़ में माता शैलपुत्री मंदिर गेट के पास स्थित शैलपुत्री हार्डवेयर स्टोर के पांच मंजिला भवन में आग लग गई। आग भवन के बीच की मंजिल से भड़की। स्टोर के अंदर तारपीन, प्लाई बोर्ड आदि होने से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचित किया। अग्निशमन कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में डट गए। हालांकि तब तक दुकान व स्टोर में रखा लाखों रुपये का पलाई वुड, पानी की खाली टंकियां, रबड़ व प्लास्टिक से बना सामान, पेंट सहित दुकान व स्टोर में रखा अन्य सामान जल चुका था। दुकान के मालिक चंदन शर्मा ने बताया कि अग्निकांड में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही आनी के कार्यकारी एसडीएम व तहसीलदार दलीप शर्मा राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। दलीप शर्मा ने बताया कि अग्निकांड में करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

बता दें कि जिला शिमला के रोहड़ू उपमंडल की चिड़गांव तहसील की खरशाली पंचायत के खोपटूवाड़ी गांव में एक मकान में आग लग गई थी। इस घटना में जहां छह कमरों का मकान पूरी तरह आग की भेंट चढ़ गया है, जिसमें करीब दस लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इसमें एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की शिनाख्‍त राजदेव पुत्र कंवर सिंह गांव खोपटूवाड़ी डाकघर लड़ौट तहसील चिड़गांव जिला शिमला के रूप मे हुई है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग की यह घटना शनिवार रात्रि करीब 10 बजे घटित हुई, जब मकान मालिक व घर का मुखिया राजदेव अकेले सो रहा था, जबकि परिवार में उनकी पत्नी व तीन बच्चे गांव से थोड़ी दूरी पर स्थित बगीचे में स्थित दोगरी में गए थे। मकान में अचानक उठी आग की लपटों को दूर के गांव लड़ौट से देखा गया। जिस पर कुछ लोगों ने साथ के लोगों को फोन कर घटना की जानकारी दी।