स्मार्ट सिटी में नियम धुआं-धुआं
धर्मशाला शहर की डं¨पग साइट फिर एक बार सुलग उठी है।
धर्मशाला, संवाद सहयोगी। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में नियम धुआं-धुआं हो रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण के दावे हवा हो रहे हैं। शहर की डंपिंग साइट एक बार फिर से सुलग उठी है। हालांकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों समेत नगर निगम के कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई है। इससे कोतवाली बाजार क्षेत्र में वातावरण दूषित हो गया है और क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आग सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे लगी और सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। साथ ही नगर निगम के महापौर देवेंद्र जग्गी व आयुक्त संदीप कदम ने भी निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि आग डं¨पग साइट के नीचे जंगल में लगी थी और हवा चलने के कारण यह डं¨पग साइट की ओर बढ़ गई। दो वर्ष पहले डंपिंग साइट करीब एक सप्ताह तक सुलगती रही थी। हालांकि सोमवार देर सायं अग्निशमन विभाग ने आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया था, लेकिन हवा चलने से यह दोबारा सुलग रही है।
आग पर काबू पाने के लिए कर्मी जुटे हैं। कुछ हद तक काबू पा लिया है, लेकिन अभी तक पूर्णतया आग बुझ नहीं पाई है। हवा चलने से आग भड़की थी। -एसके चौधरी, मुख्य अधिकारी अग्निशमन केंद्र धर्मशाला।
निचले क्षेत्र के जंगल में आग लगी थी और हवा चलने के कारण डंपिंग साइट तक पहुंच गई थी। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग के साथ-साथ नगर निगम के कर्मचारी भी जुटे हैं। -संदीप कदम, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला।
डंपिंग साइट का निरीक्षण किया है। मौके पर करीब पांच-छह अग्निशमन वाहनों से पानी का छिड़काव किया है। अभी तक पूर्ण रूप से काबू नहीं पाया जा सका है। यहां मीथेन गैस के कारण आग दोबारा भड़क जाती है। -देवेंद्र जग्गी, महापौर नगर निगम धर्मशाला।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप