करोड़ों की लागत से बनी पार्किंग में कबाड़ का ढेर, बैजनाथ खीर गंगा घाट की बदहाली पर भड़के पूर्व विधायक
पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने बैजनाथ के खीर गंगा घाट पार्किंग स्थल और भवन का दौरा कर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
-1790982929498_m.webp)
करोड़ों की लागत से बनी पार्किंग में कबाड़ रखने का आरोप।
HighLights
पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने खीर गंगा घाट पार्किंग का दौरा किया
करोड़ों के भवन को कबाड़ रखने के लिए इस्तेमाल करने का आरोप
पैदल रास्ते की दुर्दशा पर भी जताई नाराजगी, सुविधाओं की मांग
संवाद सूत्र, बैजनाथ। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने खीर गंगा घाट पार्किंग स्थल और वहां बने भवन का दौरा कर नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए भवन का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सराय के रूप में किया जा सकता है, लेकिन वर्तमान में इसे कबाड़ रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुल्खराज प्रेमी ने कहा कि खीर गंगा घाट और शिव मंदिर बैजनाथ लाखों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बहुली कोठी में स्वच्छता संबंधी मशीनों के लिए पहले ही करोड़ों रुपये की लागत से स्थान चिन्हित कर मशीनें स्थापित की गई हैं। इसके बावजूद खीर गंगा घाट पार्किंग स्थल के भवन को कबाड़ रखने के लिए इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
उन्होंने खीर गंगा घाट से शिव मंदिर तक जाने वाले पैदल रास्ते की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रास्ता झाड़ियों से बंद पड़ा है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
मुल्खराज प्रेमी ने कहा कि नगर परिषद और मंदिर ट्रस्ट के पास बजट की कमी नहीं है, ऐसे में आस्था के इस महत्वपूर्ण स्थल तक जाने वाले रास्ते की दुर्दशा देखकर उन्हें दुख हो रहा है।
उधर एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम का कहना है कुछ दिनों से सीमेंट फैक्ट्री प्लांट के लिए गाड़ियां नहीं जा रही थी जिस कारण इसको यहां पर रखा गया था अब धीरे-धीरे इसको यहां से उठा लिया जाएगा।
