नागरिकता संशोधन कानून पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दी तीखी प्रतिक्रिया, जानिए क्या बोले
Citizenship amendment act पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर चिंता व्यक्त की है।
शिमला, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि देश में अस्थिरता का माहौल पैदा हो गया है। जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार के गलत निर्णयों के कारण ज्वलंत समस्याओं से देश पहले ही जूझ रहा था। नागरिकता कानून ने देश के लोगों में और गुस्सा व भय भर दिया है। यह देश हित में नहीं है। देश के हालात चिंताजनक बन गए हैं और यह सब केंद्र सरकार के बिना सोचे समझे निर्णयों का ही परिणाम है।
आज देश महंगाई, बेरोजगारी जैसी ज्वलंत समस्याओं से जूझ रहा है तो वहीं नागरिकता संशोधन कानून के लागू होने से देश जल रहा है। भाजपा देश के संविधान से खिलवाड़ कर रही है। यह देश के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। केंद्र सरकार देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर पूरी तरह मौन है। देश की जीडीपी में भारी गिरावट से अर्थव्यवस्था भी चौपट होती जा रही है। किसी भी कानून में संशोधन जनहित में ही किया जाना चाहिए न कि किसी भी द्वेषभाव या बदले की भावना से।