जयसिंहपुर के पपलाह में ट्रैक्टर पलटा, आठ लोग घायल; दो गंभीर रूप से घायल पालमपुर अस्पताल रेफर
जिला कांगड़ा के उपमंडल जयसिंहपुर के तहत पपलाह बंदाहू सड़क पर मंगलवार शाम एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जयसिंहपुर, जेएनएन। जिला कांगड़ा के उपमंडल जयसिंहपुर के तहत पपलाह बंदाहू सड़क पर मंगलवार शाम एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर के पलटने से आठ लोग घायल हो गए। घायल हुए सभी लोग अन्य राज्य के हैं और मजदूरी का काम करते हैं। जानकारी के अनुसार पपलाह बंदाहू सड़क का कटिंग का कार्य चल रहा है और यह घायल लोग वहां मजदूरी का काम कर लौट रहे थे।
मजदूर काम से छुट्टी होने के बाद ट्रैक्टर में अपने क्वार्टर जा रहे थे। इस दौरान बंदाहूं सड़क पर पपलाह के पास अचानक ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार आठ मजदूर घायल हो गए। घायलों को खैरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा दो गंभीर रूप से घायल मजदूरों को पालमपुर अस्पताल रेफर कर दिया है।
हादसे में 21 वर्षीय आरीफ, 35 वर्षीय अफाक, 19 वर्षीय अनवर, 18 वर्षीय रोहित, 15 तफीर रजा, 24 वर्षीय ताहीर आलम और 18 वर्षीय राहुल खान घायल हुए हैं। लंबागांव पुलिस ने मौके पर पंहुच कर जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि लंबागांव पुलिस के एसएचओ रुपलाल ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यातायात नियम तोड़ रहे दोपहिया वाहन चालक
मैहतपुर में दुर्घटनाओं का एक कारण बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना भी है। वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे हैं। पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद ऐसे चालकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। हैरानी की बात तो यह है मैहतपुर चौक में यातायात पुलिसकर्मी भी कुछ दूरी पर खड़े होते हैं जबकि इन्हीं के सामने से बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालक आसानी से निकल जाते हैं। यदि पुलिस वालों के सामने ही ऐसे कानून की धज्जियां उड़ रही हैं तो उनकी गैर मौजूदगी में क्या होगा। इस बारे में एएसपी अशोक धीमान ने कहा वाहन चालकों को स्वयं जागरूक होना चाहिए। हम दोपहिया चालकों को शिक्षित करने के लिए अभियान चलाएंगे। पुलिस ऐसे चालकों के चालान भी कर रही है।