हिमाचल विधानसभा को मिलेगा नया अध्यक्ष, मंत्रिमंडल में विस्तार के साथ होगा बड़ा फेरबदल
Suresh Bhardwaj Appoint Assembly Chairman विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल के भाजपा अध्यक्ष पद संभालने के बाद सुरेश भारद्वाज का विस अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।
शिमला, जेएनएन। विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल के भाजपा अध्यक्ष पद संभालने के बाद सुरेश भारद्वाज का विस अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। हालांकि दोपहर बाद सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह का नाम भी इस पद के लिए चर्चा में आ गया है। यदि सुरेश भारद्वाज अध्यक्ष बनते हैं, तो एक मंत्री का पद खाली होगा। ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मौजूदा मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ विस्तार भी करेंगे। सरवीण चौधरी, विपिन सिंह परमार, गोविंद सिंह ठाकुर, डॉक्टर राजीव सैजल के मौजूदा विभागों में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।
डॉक्टर सैजल पेशे से आयुर्वेदिक चिकित्सक है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल फेरबदल के दौरान डॉक्टर राजीव सैजल को जयराम ठाकुर आयुर्वेद विभाग का जिम्मा सौंप सकते हैं। परफॉर्मेंस के हिसाब से देखा जाए तो सरवीण चौधरी से मुख्यमंत्री ज्यादा खुश नहीं हैं, ऐसे में कोई बड़ा फैसला भी आ सकता है।
बिंदल अध्यक्ष ही रहेंगे
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर राजीव बिंदल अध्यक्ष पद पर ही रहेंगे। फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष हैं और दो दिन बाद भाजपा अध्यक्ष पद की कुर्सी पर बैठेंगे। एक तरफ विधानसभा अध्यक्ष पद की कुर्सी छोड़ेंगे तो दूसरी तरफ सतपाल सिंह सत्ती पार्टी अध्यक्ष पद की कुर्सी पर उन्हें विराजमान करेंगे। स्वयं बिंदल ने कहा कि मैं तो अध्यक्ष ही रहूंगा। अभी विधानसभा अध्यक्ष था, फिर पार्टी अध्यक्ष बन जाउंगा।