मतदाता ही मजबूत देश का निर्माता, अवश्य करें मतदान
लोकतंत्र के महापर्व में युवा को अपने मताधिकार का इस्तेमाल निष्पक्षता से करना चाहिए ताकि एक सु²ढ़ राष्ट्र का निर्माण संभव हो सके।
कांगड़ा, जेएनएन। लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं को मताधिकार का इस्तेमाल निष्पक्षता से करना चाहिए ताकि सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण संभव हो सके। यह बात दैनिक जागरण के अभियान सभी चुनें, सही चुनें के तहत डीएवी कॉलेज कांगड़ा में आयोजित कार्यक्रम कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के रसायन विषय के प्राध्यापक डॉ. नरेश शर्मा ने कही। उन्होंने कहा, युवा मतदाता ही मजबूत देश का निर्माता होता है। युवा मतदाता देश की नींव होते हैं और मजबूत नींव से ही सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण होता है।
कहा कि युवाओं को बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष एवं निडर होकर मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। कहा कि आपका वोट एक जिम्मेदार सरकार बनाने के काम आएगा। युवाओं का दायित्व है कि वोट के महत्व को पहचानें तथा देश के लोकतंत्र ढांचे को मजबूत बनाने में सहयोग दें। बकौल डॉ. नरेश शर्मा, कॉलेज के लिए यह खुशी की बात है कि दैनिक जागरण ने युवाओं को जागरूक करने के लिए महाविद्यालय का चयन किया है। इस मौके पर कॉलेज की प्रो. अनीता व प्रो. मंजू भी मौजूद रहीं।
पहली बार मतदान में हिस्सा ले रही हूं। राष्ट्र निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित कर देशहित में श्रेष्ठ सरकार चुनने में सहयोग करूंगी। मजबूत राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है अगर हर मत व्यक्ति वोट का प्रयोग करे। -मुस्कान।
लोकतंत्र को मजबूत एवं प्रभावशील आधार प्रदान करने में युवा मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मतदान के जरिये इसी दायित्व का निर्वहन करूंगी। युवाओं का यह फर्ज बनता है कि वे अन्य वर्ग को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। -सौंदर्य ठाकुर।
युवा वर्ग को अब कोई भी न तो भटका सकता है और न ही बेवकूफ बना सकता है। आज का युवा विकासशील सोच के साथ देश को मजबूत लोकतंत्र प्रदान करने के लिए मतदान करेगा। युवा वर्ग ही देश की नींव है। -राजन चौधरी।
सभी को मतदान कर देश के सबसे बड़े लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करना होगा। निष्पक्ष भाव एवं विकासात्मक विचारधारा के साथ देश को मजबूत करने के लिए मतदान करूंगा। 18 वर्ष से अधिक आयु वाले हर नागरिक का मतदान करना परम कर्तव्य है। -विक्रांत गुलेरिया।