हिमाचल में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच चिकित्सकों की सलाह, बदल दें सुबह की सैर का समय
हिमाचल प्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान आइजीएमसी के डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सुबह सैर पर निकलने वाले सैर का समय बदलें।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान आइजीएमसी के डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सुबह सैर पर निकलने वाले सैर का समय बदलें। ताकि अत्यधिक ठंड के प्रकोप से शरीर को कोई दूसरा नुकसान होने से बचाव किया जा सके। सुबह की सैर का समय सात बजे के बाद करना उचित रहेगा। यदि सैर पर जाने का समय बदलना संभव नहीं है तो ऐसी स्थिति में गर्म कपड़े पहनकर सैर करना उचित रहेगा। आइजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज का कहना है कि सैर करना जरूरी है, मगर अत्यधिक सर्दी के हमले से बचाव करना आवश्यक है।
प्रदेश के सभी स्थानों पर ठंड बढ़ती जा रही है। सुबह-शाम को तापमान में गिरावट का क्रम जारी है, लेकिन सूरज निकलने के बाद तापमान में सुधार रहता है। बुधवार को आसमान में हल्के बादल आने से दिन का तापमान भी घटता-बढ़ता रहा। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है कि सात दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा। कम संभावना है कि इस दौरान ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो और निचले क्षेत्रों में बारिश। सुबह और दिन के तापमान में भारी अंतर होने का मतलब साफ है कि ठंड अधिक बढ़ेगी। भुंतर, कल्पा व केलंग में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। नाहन शहर के तापमान को छोड़ दिया जाए तो राज्य के सभी शहरों का न्यूनतम तापमान दहाई के अंक से कम रहा।
कहां, कितना रहा तापमान
स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
शिमला, 7.0,15.5
मंडी, 9.1,20.0
भुंतर, -0.9,21.5
कल्पा, -0.6,5.7
धर्मशाला, 7.2,13.2
ऊना, 5.5,25.0
नाहन, 12.7,19.0
केलंग, -9.2,1.2
सोलन, 2.5,22.2
बिलासपुर, 6.5,24.0
हमीरपुर, 6.2,24.0
डलहौजी, 6.9,10.8