टांडा में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा, पति की गिरफ्तारी के बाद हुआ पोस्टमार्टम; मायके में संस्कार
डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में गर्भवती महिला की मौत पर मायका पक्ष ने सोमवार सुबह भी हंगामा कर दिया।
कांगड़ा, जेएनएन। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में रविवार देर शाम गर्भवती महिला की मौत के बाद सोमवार सुबह भी हंगामा होता रहा। रविवार रात को भी मृतका के मायके पक्ष ने खूब हंगामा किया था, इसके बाद सास और ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार सुबह पाेस्टमार्टम के दौरान भी सैकड़ों लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए व प्रदर्शन शुरू कर दिया। पति की गिरफ्तारी के बाद ही महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
किसी भी तरह की विपरीत स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुला लिया था। मायके पक्ष अपने गांव में अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ गया, जिस पर पुलिस ने शव उनके हवाले कर दिया है। रविवार शाम को गर्भवती की मौत के बाद मायके पक्ष ने मौत के लिए ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराया था। देर रात तक अस्पताल में हंगामा होता रहा। रात को हंगामा बढ़ता देखकर ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल से गायब हो गए थे।
मायका पक्ष का आरोप था कि उनकी गर्भवती बेटी को छत से धक्का दिया है और इस कारण टांडा अस्पताल में मौत हो गई। इस बाबत सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस उपाधीक्षक सुनील राणा मौके पर पहुंचे। इस दौरान मायका पक्ष ने ससुरालियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। देर रात पुलिस ने मृत महिला की सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के समर्थन में मायके वालों ने कांगड़ा पुलिस थाने का घेराव भी किया।
थाना प्रभारी के समझाने पर ही मायका पक्ष के लोग घरों को गए। इससे पहले मायके पक्ष के लोग रात 10 बजे तक शव लेकर टांडा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर बैठे रहे। 28 वर्षीय मीना कुमारी पत्नी अमन कुमार निवासी सदरपुर को रविवार सायं गंभीर हालत में टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया था, जहां उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। मीना कुमारी आठ माह की गर्भवती थी। महिला का मायका कांगड़ा के कॉलेज रोड में है।
इस संबंध में सूचना मिलते ही मायका पक्ष सेे सैकड़ों लोग टांडा पहुंच गए और मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कांगड़ा पुलिस उपाधीक्षक को सूचित किया। पुलिस उपाधीक्षक के आने पर भी मायके वालों का हंगामा जारी रहा। मायका पक्ष के अनुसार, उन्हें बेटी ने फोन कर बताया था कि उसे छत से धक्का देकर गिराया है। यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले बेटी को तंग करते थे। सुनील राणा ने बताया सास रक्षा देवी व ससुर धर्मचंद को गिरफ्तार कर लिया है।