जरनोली जंगल में खाई में मिला दूसरे किशोर का शव
फतेहपुर से 26 जनवरी से लापता चल रहे दूसरे लड़के का शव भी शुक्रवार को मिल गया है जबकि पहले का शव वीरवार को मिला था। दूसरे लड़के की तलाश के लिए पुलिस ने शुक्रवार सुबह से सर्च अभियान चलाया था। दोपहर बाद दूसरे बच्चे का शव जरनोली जंगल में मिला।
संवाद सहयोगी, फतेहपुर : फतेहपुर से 26 जनवरी से लापता दूसरे किशोर का शव भी शुक्रवार को मिल गया है। उसकी तलाश के लिए जवाली व नूरपुर की पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ शुक्रवार सुबह जहां वीरवार को किशोर का शव मिला था उसके आसपास जंगल में सर्च अभियान चलाया।
दोपहर बाद उसका शव जरनोली जंगल में करीब 100 मीटर गहरी खाई में मिला। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा व उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए।
फतेहपुर के गांव घंडीरी से 11 वर्षीय रमन कुमार पुत्र रमेश सिंह 17 वर्षीय चचेरे भाई अभिषेक पुत्र जोगिद्र के साथ घास लाने के लिए गए थे लेकिन वापस नहीं आए। स्वजनों ने इसकी शिकायत पुलिस थाना फतेहपुर में दर्ज करवाई थी। वीरवार को पुलिस ने रमन कुमार का शव बरामद कर लिया जबकि अभिषेक का सुराग नहीं लगा था।
-----------
पुलिस अलग-अलग पहलू पर जांच कर रही है। स्वजनों ने शव की पहचान कर ली है। पोस्टमार्टम के लिए शव डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा भेज दिया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
-विमुक्त रंजन, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा