Curfew के बीच ईंट भट्ठे पर कार्य में लगा रखे थे 54 मजदूर, पुलिस ने संचालक के खिलाफ की FIR
कफ्र्यू के दौरान फतेहपुर के नकोदर क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर ईंट निर्माण कार्य जारी रखने पर भट्ठा मालिक हरमेश मैनी के खिलाफ पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है।
जसूर, जेएनएन। कफ्र्यू के दौरान फतेहपुर के नकोदर क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर ईंट निर्माण कार्य जारी रखने पर भट्ठा मालिक हरमेश मैनी के खिलाफ पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। इस दौरान दो ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। उपमंडल फतेहपुर के तहत राजा का तालाब कस्बे के नकोदर क्षेत्र में शुक्रवार को टीएन ईंट भटठे पर कच्ची ईंटें बनाई जा रही थीं। यहां पर पक्की ईंटों को भी बनाया जा रहा था, जबकि कच्ची ईंटों से भरे दो ट्रैक्टरों को चालक उन्हें भट्ठे में लेकर जा रहे थे।
नायब तहसीलदार फतेहपुर सुशील शर्मा, रैहन पुलिस चौकी के एएसआइ इंद्रजीत शर्मा, हेड कांस्टेबल अजय कुमार शिकायत पर मौके पर पहुंचे तो उन्हें देखकर मुंशी भाग गया। नायब तहसीलदार व पुलिस टीम ने भट्ठे में पकाने के लिए ले लाई जा रही ईंटों से भरे दो ट्रैक्टरों को रुकवाया। यहां पर करीब 54 लोग कच्ची ईंटें तैयार कर रहे थे।
स्थानीय पंचायत प्रधान सुरिंद्र बंटी ने बताया कफ्र्यू के चलते उन्होंने भट्ठा मालिक को ऐसा करने से दो बार इन्कार भी किया, लेकिन वह नहीं माना। डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने बताया कि पुलिस ने काम बंद करवा दिया है। दो ट्रैक्टरों को जब्त करके भट्ठा मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।