लॉकडाउन में ढील के दौरान किताबों की दुकानें भी खुली रहेंगी, उपायुक्त कांगड़ा ने लिया फैसला
जिला कांगड़ा में लॉकडाउन के दौरान मिलने वाली ढील में अब किताबों की दुकानें भी खुली रहेंगी।
धर्मशाला, जेएनएन। जिला कांगड़ा में लॉकडाउन के दौरान मिलने वाली ढील में अब किताबों की दुकानें भी खुली रहेंगी। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने कहा विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। लॉकडाउन में ढील के दौरान सुबह आठ से 11 बजे तक सभी किताबों की दुकानें व स्टोर खुले रहेंगे।
छात्र हितों को देखते हुए जिला कांगड़ा में अब सुबह आठ बजे से 11 बजे तक सभी किताबों की दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की गई है, इससे पहले केवल खाद्य आपूर्ति की दुकानों को ही खोलने की अनुमति थी। लेकिन अब स्कूलों द्वारा ऑनलाइन पढ़ाई शुरू किए जाने के चलते बच्चों को पढ़ाई से संबंधित जरूरी सामग्री लेने के लिए यह राहत प्रदान की गई है।
ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे बच्चे
स्कूल बंद होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। आदर्श मॉडल पब्लिक स्कूल तियारा में छात्रों को वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से डिजिटल बुक्स और असाइनमेंट भी उपलब्ध करवा रहे हैं। स्कूल के प्रबंधक सुभाष धलौरिया ने सभी अध्यापकों को ऑनलाइन शिक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए निर्देश दिए हैं।
डिवाइन स्कॉलर स्कूल जवाली ने भी की पहल
डिवाइन स्कॉलर कान्वेंट स्कूल जवाली ने ऑनलाइन प्रणाली से बच्चों की पढ़ाई शुरू कर दी है। प्रिंसिपल मंजू कुमारी ने बताया कि बच्चों के कक्षा के हिसाब से वाट्सएप पर ग्रुप बनाए गए हैं। मयसारिणी भी बच्चों को दी गई है। इसके साथ ही संबंधित विषयों के अध्यापकों के मोबाइल नंबर भी दिए गए हैं। अध्यापकों को हिदायत दी गई है कि वे समयसारिणी के हिसाब से बच्चों की कक्षा लें और पढ़ाएं, साथ ही होमवर्क भी दें। बच्चों व उनके अभिभावकों को भी सूचित किया गया है कि वे अपने-अपने बच्चों को ऑनलाइन प्रणाली से पढ़ाने में सहयोग करें।