शर्मनाक: बच्चा चोर समझकर पीट दिए बेकसूर, ज्वालामुखी में मंदिर आए दंपती को घेरा Kangra News
बच्चा चोर गिरोह होने की अफवाह से जिला कांगड़ा में दहशत का माहौल है। कांगड़ा शहर में 24 घंटे के दौरान तीन ऐसे मामले सामने आए हैं।
कांगड़ा, जेएनएन। बच्चा चोर गिरोह होने की अफवाह से जिला कांगड़ा में दहशत का माहौल है। कांगड़ा शहर में 24 घंटे के दौरान तीन ऐसे मामले सामने आए हैं। एक मामले में स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक मामले में पुलिस संदिग्ध लोगों की तलाश करती रह गई। देर सायं कांगड़ा के कोहाला रोड पर एक मानसिक रोगी की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी, जिसे पुलिस ने छुड़वाया। वहीं ज्वालामुखी के तहत पंचायत गुम्मर में लोगों ने जालंधर निवासी दंपती को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा तो बच्चा चोर गिरोह के सदस्य होने का शक होने पर उनकी भी धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार कांगड़ा गुप्त गंगा से स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को दूरभाष से सूचना दी की कुछ महिलाएं यहां संदिग्ध अवस्था में घूम रही हैं। पुलिस ने तुरंत पेट्रोङ्क्षलग पार्टी को गुप्त गंगा की तरफ भेजा, लेकिन संदिग्ध महिलाएं कहीं नजर नहीं आई।
वहीं बुधवार सुबह कांगड़ा रेलवे स्टेशन के पास बच्चा चोर गिरोह की अफवाहों के बीच लोगों ने दो संदिग्ध लोगों को पकड़कर कांगड़ा पुलिस के हवाले किया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने इन लोगों से मारपीट भी कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस को गांववासियों ने एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया जबकि दूसरे युवक को पुलिसकर्मियों ने खुद मौके पर पहुंचकर पकड़ा। हालांकि प्रारंभिक जांच में दोनों संदिग्ध युवक हिमाचल के ही निकले जिसमें एक व्यक्ति जिला बिलासपुर के घुमारवीं व दूसरा जिला सिरमौर का रहने वाला है। घुमारवीं निवासी व्यक्ति शिमला में मजदूरी करता है और दो दिन पहले ही कांगड़ा घूमने आया है। अब वह चंबा में अखरोट की तुड़ाई के लिए जाने वाला था। जबकि दूसरा सिरमौर जिले का युवक चार दिन पहले ही कांगड़ा आया है। उसने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह नगरकोट माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगडा के लंगर में खाना खाता था और रात को बस अड्डा में रह रहा था।
वहीं बुधवार देर सायं कांगड़ा के नजदीक मनूणी खड्ड के पास बने पुल पर कोहाला रोड़ पर भी स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति की बच्चा चोर गिरोह का सदस्य होने के शक में पिटाई कर डाली। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे लोगों के चंगुल से छुड़वाया। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान है। थाना प्रभारी मेहर ङ्क्षसह ने बताया कि दोनों युवकों की डिटेल उनके संबंधित पुलिस थानों में भेज दी गई है। दूसरी तरह पुलिस थाना ज्वालामुखी के तहत पंचायत गुम्मर में उस समय हड़कंप मच गया जब लोगों ने अपहरणकर्ता समझ कर जालंधर से आए दंपती को धर दबोचा और लोगों ने बच्चों को अगवा करने वाला गिरोह समझ कर उनकी तलाशी ली और पिटाई कर डाली।
पंचायत प्रधान रामलोक धनोटिया ने मौके पर जाकर लोगों को संयम रखने को कहा और पुलिस बुलाकर उनकी जांच करने का आग्रह किया। पुलिस ने उनसे पूछताछ की और उनके आधार कार्ड आदि चेक किए। थाना प्रभारी मनोहर चौधरी ने कहा कि जांच करने पर पाया कि वे जालंधर से आए हैं और मजदूरी आदि का काम करते हैं। इस दौरान उनके घर पर भी संपर्क किया गया। थाना प्रभारी के अनुसार लोगों को गलतफहमी हो गई थी लिहाजा उनको जालंधर पुलिस से वेरीफिकेशन करने के बाद छोड़ दिया गया।
संयम से काम लें लोग : डीएसपी
डीएसपी तिलकराज ने लोगों का आह्वान किया है कि वे संयम से काम लें इस प्रकार की कोई भी घटना यहां पर नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। बावजूद इसके कोई जानकारी हो तो पुलिस से संपर्क करके पुलिस की मदद ली जा सकती है। लोग कानून अपने हाथ में लेने से बचें।