कोर्ट कर्मी की आत्महत्या मामले में महिला पर केस
जेएनएन नाहन सिरमौर जिला के कोर्ट कर्मचारी के आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है।
जेएनएन नाहन : सिरमौर जिला के जेएमआइसी कोर्ट शिलाई के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी योगेश कुमार की आत्महत्या मामले में नया मोड़ आ गया है।
सोमवार को बाल्मीकि बस्ती नाहन निवासी योगेश की पत्नी किरण ने कच्चा टैंक पुलिस चौकी में घर से मिले पति के सुसाइड नोट को पुलिस को सौंपा। पुलिस ने सिरमौर के राजगढ़ निवासी महिला व दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। 32 वर्षीय योगेश राजगढ़ कोर्ट से एक माह पहले ही ट्रांसफर होकर शिलाई के जेएमआइसी कोर्ट में आया था।
11 मई को योगेश ने अपने घर पर जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या कर ली थी। पुलिस योगेश के घर पर भी गई, मगर उन्हें सुसाइड नोट नहीं मिला। सोमवार को योगेश की पत्नी किरण घर में बिस्तर साफ कर रही थी तो उसे चादर के नीचे योगेश के हाथ से लिखा सुसाइड नोट मिला। इसमें राजगढ़ निवासी महिला द्वारा दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की एवज में 20 लाख रुपये की मांग की गई थी। महिला के साथ-साथ राजगढ़ के ही दो अन्य लोगों के नाम भी सुसाइड नोट में शामिल थे। पुलिस ने सुसाइड नोट को आधार मानते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला द्वारा राजगढ़ पुलिस थाने में योगेश के खिलाफ 9 मई को दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। इससे योगेश परेशान था। उसके बाद उसने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी थी। सदर थाना के एसएचओ मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप