Coronavirus: कोरोना मरीजों के संपर्क में आकर संक्रमित होने लगे लोग, कांगड़ा में दस मरीज आए सामने
Himachal Coronavirus News जिला कांगड़ा में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आकर लोग संक्रमित होने लगे हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। जिला कांगड़ा में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आकर लोग संक्रमित होने लगे हैं। संक्रमितों के संपर्क में आकर कोरोना ग्रस्त होने वाले लोगों की संख्या पिछले एक सप्ताह में 10 पहुंच गई है। बुधवार को भी ऐसे दो लोग पाए गए हैं। इसके अलावा कांगड़ा के सैनिक भी संक्रमित हो रहे हैं। अभी तक जिला कांगड़ा से संबंधित कुल चार सैनिक संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें एक सैनिक के संपर्क में आने से उसका बेटा व भतीजा भी बीमार हो चुका है।
बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमितों के छह नए मामले आए हैं। 22 जून को दिल्ली से घर कैहरियां जवाली आए 33 वर्षीय सैनिक जो कि होम क्वारंटाइन थे, संक्रमित पाए गए हैं। एक अन्य मामले में 26 जून को दिल्ली से लौटे देहरी हारसी जवाली का 21 वर्षीय सैनिक भी पॉजिटिव पाया गया है। ये भी होम क्वारंटाइन था। इन दोनों को मिलिट्री अस्पताल योल में भर्ती किया गया है।
संक्रमितों के संपर्क में आकर कोरोना ग्रस्त हुए दो मामलों में घुमाला रानीताल का 68 वर्षीय वृद्ध और 73 वर्षीय वृद्ध शामिल हैं। दोनों वृद्ध एक ही परिवार एवं वंश के हैं और रिश्तेदारी में दोनों भाई हैं। अन्य मामलों में 22 जून को उत्तर प्रदेश से लौटे भरमाड़ जवाली का 40 वर्षीय व्यक्ति जो कि उत्तर प्रदेश में फैक्टरी सुपरवाइजर का काम करता था और कुठेड़ा खैरा की 65 वर्षीय वृद्धा जोकि 16 जून को दिल्ली से लौटी थी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
इसके अलावा बुधवार को जिला के विभिन्न कोविड केयर सेंटरों में उपचाराधीन नौ मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इसमें चोली परागपुर का 31 वर्षीय व्यक्ति, धधु देहरा का 27 वर्षीय युवक, कानपट्ट खोली का 55 वर्षीय वृद्ध, खनियारा का 19 वर्षीय युवक, राख नगरी के 49 व्यक्ति व उनका 15 वर्षीय बेटा और पनियाली कांगड़ा की 54 व 23 वर्षीय महिलाएं और 30 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं।
जिले में अब तक कुल चार कोरोना ग्रस्त सैनिक हैं। बुधवार को आए मामलों के पूर्व भी दो सैनिक संक्रमित पाए जा चुके हैं। गत रविवार को तहसील रक्कड़ के बड़ा गांव का सैनिक और लदोड़ी इंदौरा का सैनिक जोकि जम्मू से आया था संक्रमित हैं। सभी संक्रमित सैनिकों का मिलिट्री अस्पताल योल में भर्ती किया गया है। बड़ी बात ये है कि रक्कड़ के संक्रमित सैनिक का बेटा और भतीजा भी उनके संपर्क में आकर पॉजिटिव हो चुके हैं।