गोपालपुर का परिवार कोरोना पॉजिटिव, परौर क्वारंटाइन सेंटर से सिगरेट लेने दुकान पहुंच गए दो लोग
कांगड़ा तीन और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पालमपुर उपमंडल के तहत गोपालपुर निवासी पति-पत्नी और इनका सात साल का बच्चा कोरोना संक्रमित पाया गया है।
कांगड़ा, जेएनएन। कांगड़ा तीन और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पालमपुर उपमंडल के तहत गोपालपुर निवासी पति-पत्नी और इनका सात साल का बच्चा कोरोना संक्रमित पाया गया है। पुरुष की उम्र 40 साल है, जबकि महिला 33 साल की है। तीनों लोग 20 मई को गुजरात के गांधीनगर से लौटे हैं। इनके साथ वापस आए दो लोग सोमवार को ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तीनों को कोविड केयर सेंटर डाढ में शिफ्ट किया गया है।
सिगरेट की लत में क्वारंटाइन सेंटर से दुकान पहुंच गए दो लोग
संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर परौर में रखे गए अन्य राज्यों से लौटे दो लोग दुकान के लिए निकल गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है दोनों सिगरेट की लत पूरी करने के लिए दुकान चले गए थे। इनमें एक व्यक्ति कांगड़ा और दूसरा नूरपुर का है। ये हाल ही में गुजरात से लौटे हैं व संस्थागत क्वारंटाइन हैं। ऐसा करके दोनों ने कई लोगों की जिंदगी को खतरे में डाला है। इनकी लापरवाही पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर उन्हें दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी है।