कोरोना संक्रमण फिर पसारने लगा पांव, जिला कांगड़ा में भी बिगड़ने लगी स्थिति, एक्टिव केस साढ़े तीन सौ के करीब
Kangra Coronavirus Cases जिला कांगड़ा में कोविड-19 संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। जिला कांगड़ा में पहली बार लंबे अंतराल के बाद संक्रमित लोगों का आंकड़ा पचास की संख्या को पार कर गया। दो ही दिनों में यह आंकड़ा बढ़ गया है।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। Kangra Coronavirus Cases, जिला कांगड़ा में कोविड-19 संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। जिला कांगड़ा में पहली बार लंबे अंतराल के बाद संक्रमित लोगों का आंकड़ा पचास की संख्या को पार कर गया। दो ही दिनों में यह आंकड़ा बढ़ गया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन सहित आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। दरअसल सोमवार को 41 मामले कोरोना के सामने आए थे, इसी तरह से मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर 70 तक जा पहुंचा। इस कारण एक्टिव केस बढ़कर 328 से ज्यादा हो गए हैं। संक्रमितों के लगातार बढ़ते मामलों के कारण आम लोगों में भी तीसरी लहर को लेकर चर्चा बढ़ गई है। जिला प्रशासन की ओर से भी लोगों को बार बार कहा जा रहा है कि कोविड-19 नियमों की पालना करें। लेकिन कई बाजारों व समारोह में इन नियमों की पालना नहीं हो पा रही है। जिसके कारण कोरोना के मामलों में इजाफा हो गया है। लेकिन यह इजाफा चिंताजनक है।
उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने बताया कि कोविड-19 के एक्टिव केस 328 हो गए हैं। सभी संक्रमित लोगों के उपचार की बेहतर व्यवस्था की गई है। होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड-19 रोगियों को दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क व सजग है।
उन्होंने कहा सभी लोग कोविड-19 नियमों की पालना करें और ज्यादा जरूरी न हो तो भीड़-भाड़ के स्थानों से दूर ही रहें। कोविड-19 नियमों की पालना कर संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण का अभियान जारी है। पहली डोज के बाद दूसरी डोल ले चुके लोगों की संख्या भी काफी अधिक है। सभी लोग कोविड-19 टीकाकरण का लाभ लें।