Coronavirus: हिमाचल में बढ़ा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा, ऊना से नौ तब्लीगी जमात से जुड़े लोग पॉजिटिव
Coronavirus Alert हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा और बढ़ गया है।
शिमला/कांगड़ा, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा और बढ़ गया है। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में हुई जांच के बाद 9 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी ऊना जिला के बताए जा रहे हैं। टांडा में 51 सैंपल की जांच की गई, जिसमें नौ पॉजिटिव व बाकी नेगेटिव आए हैं। हिमाचल प्रदेश में काेरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा अब बढ़कर 28 हो गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने इसकी पुष्टि की है। ये लोग ऊना जिला की अम्ब तहसील के तहत कुठेड़ा खरीला गांव में स्थित एक मस्जिद में रह रहे थे।
प्रदेश में आज 80 तबलीगी जमातियों व उनके संपर्क में आने वालों की जांच की गई, जिसमें ऊना से लिए गए 23 सैम्पलों में 9 पाॅजिटिव आए हैं। तब्लीगी जमातियों के सैंपलों में 27 चंबा से, 19 कांगड़ा, 11 हमीरपुर से लिए गए थे, बाकी सभी नेगेटिव आए हैं। ऊना जिला से अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हो गई है। सोलन जिला से सात मरीज हैं, जबकि एक महिला की मौत हो गई है। इसके अलावा चंबा से भी चार कोरोना संक्रमित मरीज हैं, बाकी चार भी कांगड़ा जिला से हैं। अब तक दो मरीजों की मौत हो चुकी है व दो लगभग ठीक हो गए हैं।
संक्रमितों में केवल एक इस गांव से संबंधित है, 5 जिला सिरमौर, एक अर्की, दो उत्तर प्रदेश से हैं। इन 9 मामलों के आने के बाद अब ऊना में कर्फ्यू में ढील को समाप्त कर दिया गया है। प्रदेश में मंगलवार को 80 तबलीगी जमातियों व उनके संपर्क में आने वालों की जांच की गई। इनमें ऊना से 23, 27 चंबा से, 19 कांगड़ा और 11 हमीरपुर जिला से लिए गए थे। पॉजिटिव पाए गए 9 लोग 16 से 75 साल के बताए जा रहे हैं। उधर आईजीएमसी शिमला में लिए गए 8 और सीआरआई कसौली में लिए गए बीस सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं।
संक्रमितों का जमात से है संबंध, ऊना जिला में कर्फ्यू में ढील खत्म
ऊना। ज़िले में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़ने के कारण ज़िला प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील खत्म कर दी है। कोई भी दुकान व संस्थान आगामी आदेश तक खुली नहीं रहेगी। कोरोना पॉजिटिव रहे तीन लोगों के सीधे संपर्क में रहे इन लोगों को पहले ही क्वारंटाइन कर दिया गया था। उनको पूरी निगरानी में रखा गया था। इन लोगों को कुठेड़ा खैरला गांव से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया था। जहां इनको रखा गया था वहां पुलिस का भी पहरा था। इन लोगों में आठ का संबंध जमात से था, जबकि एक स्थानीय व्यक्ति भी पॉजिटिव आया है।