Coronavirus: तीन बच्चों सहित सेना के पांच जवान कोरोना पॉजिटिव, कांगड़ा में 400 से ऊपर हुए संक्रमित
Himachal Coronavirus News जिला कांगड़ा में एक साथ 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कांगड़ा तहसील के तहत कुल्थी गांव से चार लोग एक ही परिवार के संक्रमित पाए गए हैं।
कांगड़ा, जेएनएन। जिला कांगड़ा में एक साथ 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कांगड़ा तहसील के तहत कुल्थी गांव से चार लोग एक ही परिवार के संक्रमित पाए गए हैं। ये लोग कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। 32 साल की महिला व उसके 9 साल का बच्चा, 6 साल की बच्ची सहित 27 साल का देवर भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इन्हें कोविड केयर सेंटर डाढ में शिफ्ट किया जा रहा है।
इसके अलावा संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर योल में ठहराया 25 साल का जवान भी संक्रमित पाया गया है। जवान को सेना अस्पताल योल में आइसोलेट किया गया है। नेहनपुखर निवासी 29 और 38 साल के सेना के जवान भी संक्रमित पाए गए हैं। जवान 17 जुलाई को सिक्किम से लौटने के बाद ढलियारा क्वारंटाइन सेंटर में ठहराए गए थे। दोनों को सेना अस्पताल योल में उपचाराधीन करवाया गया है।
18 जुलाई को लेह से लौटे 31 वर्षीय जवान की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जवान गांव हार डाकघर नेहनपुखर का रहने वाला है। 17 जुलाई को नोएडा से लौटा धर्मशाला के तहत चैतड़ू के मनेड गांव का 34 वर्षीय सैनिक भी संक्रमित पाया गया है।
नूरपुर के रिट में परिवार के तीन सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। 68 वर्षीय महिला उनकी 31 वर्षीय बेटी व छह साल का पौत्र कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। महिला का बेटा 14 जुलाई को हैदराबाद से लौटा था।
नूरपुर का 40 वर्षीय व्यक्ित भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। व्यक्ित पॉल्ट्री फार्म का कारोबार करता है और दस दिन पहले पठानकोट से लौटा था। सेना के जवानों के अलावा सभी कोरोना संक्रमितों को डाढ में शिफ्ट किया गया है।